गाजीपुर। अतुल्य गंगा मुंडमाला परिक्रमा पदयात्रा बृहस्पतिवार को प्रयागराज से काशी होकर ‘सबका साथ हो, गंगा साफ हो’ इस उद्देश्य के साथ नवापुरा स्थित श्री दुर्गा साईं मंदिर पर पहुंची। वहां स्वामी सहजानंद महाविद्यालय की 92 यूपी एनसीसी इकाई ने यात्रा का भव्य स्वागत किया। इस मौके पर 92 यूपी बटालियन के एडम कर्नल ओपी राय ने कहा कि पवित्र गंगा देश की करीब 50 करोड़ से ज्यादा आबादी के लिए अभी भी जीवनदायिनी है और दुनिया के प्रत्येक 12वें इंसान की जिंदगी यही गुजरती है। फिर भी इंसानों की वजह से हुई इसकी दुर्गति को दूर करने के लिए अतुल्य गंगा के नाम से 15 दिसंबर से एक ऐतिहासिक पदयात्रा शुरू की गई है।
बटालियन के सीओ कर्नल सुगंध शर्मा ने बताया कि अतुल्य गंगा अभियान तीन आधार परिक्रमा, प्रदूषण और जनता पर खड़ा है। परिक्रमा के तहत प्रकृति रोमांच संस्कृति पौराणिक कथाओं और इतिहास को अनूठे तौर पर समझने की कोशिश की जा रही है। महाविद्यालय के एनसीसी अधिकारी डा. विलोक सिंह ने बताया कि इस अभियान का दूसरा और महत्वपूर्ण स्तंभ है प्रदूषण, जिसने गंगा को गम्भीर रूप से प्रदूषित कर रखा है। इंडस्ट्रियल और सीवेज वेस्ट का इसमें गिराया जाना एक कड़वी सच्चाई है, जिस पर तत्काल कार्य करने की जरूरत है। अतुल्य गंगा एक जन आंदोलन है, जो इस साल 15 दिसंबर से शुरू होकर 10 अगस्त 2021 तक चलाया जाने वाला है। डा. प्रमोद कुमार ‘अनंग’ ने बताया कि वैसे यह 11 साल का प्रोजेक्ट है, जो दो पंच वर्षीय योजनाओं के साथ 2020 से 2030 तक चलेगा। इस पद यात्रा के दौरान हर पांच किलोमीटर पर गंगा जल भूजल और मिट्टी के सैंपल की टेस्टिंग की जाएगी। कार्यक्रम को सफल बनाने में पीआई नायक कुल बहादुर अधिकारी, नायब सूबेदार सीबी राणा, नायब सूबेदार दीनदयाल, हवलदार मेजर धर्मेंद्र, हवलदार योगेंद्र सिंह मौजूद रहे।