गहमर के बाढ़ प्रभावित क्षेत्र शेरपुर गदाईपुर गांव से सुरक्षित स्थान पर जाते पीड़ित लोग।
रेवतीपुर ब्लॉक क्षेत्र के पांच गांवों में बाढ़ पीड़ितों को राहत सामग्री पैकेट शुक्रवार को हेलीकाप्टर से गिराया गया। ऐसा जनपद में पहली बार हुआ, जब बाढ़ पीड़ितों का दर्द बांटने में सरकार ने ऐसी पहल की। बाढ़ में घिरे टापू के गांवों और प्रभावित इलाकों तक राहत सामग्री पहुंचाने के लिए जिला प्रशासन ने हेलीकॉप्टर की मदद ली है। इन पांच गांवों के लिए दो चक्र में 400 राहत सामग्री पैकेट गिराए गए। बाढ़ पीड़ितों को राहत सामग्री पहुंचाने का कार्य वाराणसी के मंडलायुक्त रमेश नितिन गोकर्ण की देख-रेख में दिन के डेढ़ बजे से शुरू कर दिया गया।
प्रदेश के लोक निर्माण विभाग के मंत्री शिवपाल यादव ने गुरुवार को बलिया और गाजीपुर जनपद के बाढ़ प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण किया था। इसके साथ ही गाजीपुर में सूबे के मंत्री, विधायक और अधिकारियों के साथ बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हाल जानने के बाद बाढ़ पीड़ितों तक तत्काल राहत सामग्री पहुंचाने का निर्देश उच्चाधिकारियों को दिया।
इसके साथ वाराणसी के मंडलायुक्त को भी जनपद में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों तक राहत सामग्री पहुंचाने का काम अपनी देख-रेख में कराने का निर्देश दिया था। मंडलायुक्त शुक्रवार को सुबह करीब 11.30 बजे सदर तहसील पहुंचकर बाढ़ पीड़ितों के लिए तैयार हो रही राहत सामग्री पैकेट की तैयारियों का निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने संबंधित अधिकारी से राहत सामग्री पैकेट पुलिस लाइन में भेजवाने का निर्देश दिया। मंडलायुक्त रमेश नितिन गोकर्ण और डीएम संजय कुमार खत्री सदर तहसील से सीधे पुलिस लाइन पहुंचे।
वहां गोरखपुर एयरफोर्स से दोपहर 1.05 बजे हेलीकॉप्टर पुलिस लाइन के मैदान पर उतरा। इसके बाद मंडलायुक्त और जिलाधिकारी की देख-रेख में पहले और दूसरे चक्र में 400 राहत सामग्री पैकेट रेवतीपुर ब्लाक के साधोपुर, रामपुर, परमानंदपुर, गोपालपुर तिलवा और दुल्लहपुर बाढ़ प्रभावित गांव के बाढ़ पीड़ितों के लिए भेजा गया। इस संबंध में मंडलायुक्त रमेश नितिन गोकर्ण ने बताया कि जिलाधिकारी की रिपोर्ट में इन गांवों का संपर्क कट जाने से इन गांवों के बाढ़ पीड़ितों को राहत सामग्री पहुंचाने के लिए 400 राहत सामग्री पैकेट भेजी गई है। साथ ही अन्य बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के बाढ़ पीड़ितों को राहत सामग्री पहुंचाने का निर्देश जिलाधिकारी को दिया गया है। इस मौके पर एडीएम आनंद कुमार, जिलापूर्ति अधिकारी, एसपी सिटी केसी गोस्वामी, सदर एसडीएम उमेश चंद्र निगम, सीओ सिटी वेदप्रकाश आदि मौजूद रहे।