जमानिया। कोतवाली परिसर के शौचालय में एक युवती ने कांच के टुकड़े से दोनों हाथों की नसें काट ली। काफी देर तक बाहर न निकलने पर महिला कांस्टेबलों नो दरवाजा तोड़ा तो वह अचेत मिली। आनन-फानन में उसे पीएचसी ले जाया गया। होश आने पर वह रोते हुए बोली कि मुझे परिवार के लोग मार देंगे। पुलिस के मुताबिक, युवती प्रेमी के साथ घर से चली गई थी। उसे जमानिया से पकड़ा गया है। दोनों बालिग हैं।
देवरिया जनपद के भटनी थाना क्षेत्र के एक गांव की युवती एक युवक से प्यार करती है। दोनों ने घर छोड़ दिया। परिवार के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। इसी बीच प्रेमी युगल जमानिया पुलिस के हत्थे चढ़ गए। इसकी जानकारी पुलिस ने भटनी पुलिस को दी तो वे युवती के परिजनों के साथ जमानिया के लिए रवाना हो गए। इधर, शाम को युवती कोतवाली के शौचालय में गई। वहां दरवाजा बंद कर कांच के टुकड़े से दोनों हाथों की नसें काट ली। इससे वह अचेत हो गई।
कुछ देर तक बाहर न निकलने पर दरवाजे को धक्का देकर तोड़ा गया तो वह अचेत मिली और उसके हाथ से खून गिर रहा है। पुलिस उसे पीएचसी ले गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, युवती रोते हुए कह रही थी परिवार के लोग मुझे मार देंगे। पुलिस कर्मियों ने उसे समझा बुझाकर शांत कराया।
युवती देवरिया जनपद के एक गांव की है। वह प्रेमी के साथ देखी गई थी, जिसे लोगों ने पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। वहां से पुलिस आ रही है। परिवार के डर से युवती ने कांच से अपने हाथों की नस काट ली है। इलाज के बाद वह ठीक है।- डॉ. ईरज राजा, एसपी।