तेज हवा से मौसम में आई नरमी, मिली राहत
शुक्रवार की शाम से मौसम का मिजाज कुछ नरम हुआ है। इस दौरान तेज हवा चलने से कुछ ग्रामीण क्षेत्रों में छप्पर उड़ने के साथ ही टिनशेड उड़ गए। कहीं से कोई बड़ी क्षति की सूचना नहीं है। मौसम के बदले मिजाज से गर्मी से परेशान लोगों को कुछ राहत मिली है।कई दिनों से तीखी धूप और भीषण गर्मी के चलते जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया था। शुक्रवार की शाम मौसम में बदलाव आ गया। तेज हवाओं के चलने का जो सिलसिला शुरू हुआ। वह शनिवार को दिन में भी बना रहा।
तेज हवाओं और हल्की बूंदाबादी से लोगों को भीषण गर्मी से कुछ राहत मिली। जिले के कई ग्रामीण क्षेत्रों में टिनशेड और झोपड़ियों के छप्पर तेज हवा में उड़ गए। तेज हवा के साथ आई आंधी ने आम को काफी नुकसान पहुंचाया। भदौरा संवाददाता के अनुसार अचानक तेज धूल भरी आंधी के साथ हुई बारिश से क्षेत्र के लोगों ने काफी राहत महसूूस की। इस कारण तापमान में गिरावट आने से भीषण गर्मी से बेहाल आमजन सहित पशु पक्षियों को राहत मिली।
तेज हवा के साथ आई आंधी से दूकानों के टिनशेड उड़ गए। सुबह छह बजे हुई बारिश से किसानों के चेहरे खिल गए। स्थानीय गांव के किसान हरेंद्र राम, सतेंद्र कुशवाहा, दीपक खरवार, शंकर राय, राम जी राय आदि ने बताया कि इस बारिश से फल, फूल, सब्जी सहित खेतों में धान की नर्सरी और जानवरों के चारा की फसल को फायदा होगा। मरदह संवाददाता के अनुसार क्षेत्र में आई तेज हवा से आम को काफी नुकसान हुआ।