दुल्लहपुर थाना क्षेत्र के जफरपुर डिहिया गांव में मंगलवार की दोपहर शार्ट सर्किट से कच्चे मकान में लगी आग ने न सिर्फ हजारों का नुकसान कर दिया बल्कि एक पिता की आंखों में पलने वाले सपने को भी खाक में मिला दिया। इस घटना में 50 हजार नकदी सहित हजारों के जेवरात और अन्य सामान राख हो गए। काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने आग पर काबू पाया।
जफरपुर डिहिया गांव निवासी राजपति चौहान का खपरैल के कच्चा मकान है। मंगलवार दोपहर में करीब डेढ़ बजे शार्टसर्किट से टीवी और केबिल में आग लग गई। जानकारी होते ही आनन-फानन में परिजनों ने आग को बुझा दिया। लेकि न कुछ ही देर दोबारा टीवी में आग लग गई और वह तेज आवाज के साथ फट गया।
कुछ ही पल में कमरे में आग लग गई। किसी तरह के परिवार के लोग कमरे से बाहर भागे और शोर मचाने लगे। उनकी आवाज सुनकर पास-पड़ोस के लोग मौके की तरफ दौड़ पड़े। तब तक कमरे से आग की ऊंची लपटें उठने लगी। शोर-शराबा के बीच लोगों ने खंभे से बिजली का तार काटा और आग बुझाने में जुट गए।
काफी प्रयास के बाद लोगों ने आग पर काबू पाया। लेकिन तब तक कमरे में रखी 50 हजार नकदी सहित छह थान सोने के गहने, बिस्तर, अनाज, पहनने का कपड़ा सहित अन्य सामान राख हो चुका था। बांस-बल्ली राख होने की वजह से पूरा खपरैल गिर गया। राजपति के बेटे को दुबई जाना था। उसका वीजा बनवाने के लिए उसने पचास हजार रुपये रखे थे तो राख हो गया। पीडि़त ने घटना की जानकारी थाना और लेखपाल को दी।