औडिहार। पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल के डीआरएम आशीष जैन ने शनिवार को औड़िहार रेलवे स्टेशन का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्टेशन परिसर, प्लेटफाॅर्म और रेलवे कॉलोनी की व्यवस्थाओं का जायजा लेकर कमियों पर नाराजगी जताई और सुधार के निर्देश दिए। साथ ही प्लेटफार्म एक पर लगे कचरे के ढेर लंबे समय रखने पर कर्मचारियों को फटकार लगाई।
निरीक्षण के दौरान डीआरएम स्टेशन परिसर पहुंचते ही व्यवस्थाओं की बारीकी से जांच में जुट गए। इसके बाद वह रेलवे कॉलोनी पहुंचे, जहां रह रहे परिवारों से बातचीत कर सुविधाओं की जानकारी ली। कॉलोनी में पेड़-पौधों को ईंटों से घेरने पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए इसे हटाकर जालियों से सुरक्षित कराने के निर्देश दिए।
प्लेटफार्म संख्या 5/6 पर जीआरपी चौकी के पास बाउंड्री के भीतर जमा कचरा देख डीआरएम ने स्टेशन अधीक्षक दिलीप कुमार सिंहा को कड़ी फटकार लगाई। प्लेटफार्म संख्या एक पर नाली का पानी जमा मिलने पर उन्होंने संबंधित कर्मचारियों को तत्काल सफाई कराने और व्यवस्था दुरुस्त करने की चेतावनी दी।
निरीक्षण के दौरान प्लेटफाॅर्म संख्या एक पर बने वेटिंग रूम के अब तक शुरू न होने पर भी उन्होंने नाराजगी जताई और इसे शीघ्र चालू कराने के निर्देश दिए। इस दौरान वरिष्ठ मंडल इंजीनियर आयुष कुमार सिंह, सिग्नल एवं दूरसंचार इंजीनियर रजत प्रिय सिंह, वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर (सामान्य) सौरभ राठौड़, प्रबंधक रमेश पांडेय, अभिषेक कुमार सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।