बच्चों को शिक्षा, सुरक्षा, प्यार व अधिकार-सरकार करेगी सपने साकार के नारे के साथ कोविड-19 प्रभावित बच्चों को मदद पहुंचाने के लिए 22 जुलाई को शासन की ओर से बैंक खातों में राशि भेजेगी। जिले में अनाथ हुए 18 बच्चों को इसका लाभ मिलेगा। इन बच्चों ने कोरोना काल में माता-पिता या उनमे से किसी एक को खोया है। उत्तर प्रदेश महिला कल्याण विभाग के निदेशक मनोज कुमार राय ने बताया कि कोविड काल में माता-पिता अथवा दोनों में से किसी एक को खोने वाले इन्हीं बच्चों के जीवन को संवारने के लिए राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री द्वारा उत्तर प्रदेश मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना की शुरुआत की जाएगी। योजना के तहत अनाथ हुए बच्चों के भरण-पोषण, शिक्षा, चिकित्सा आदि की व्यवस्था का पूरा ध्यान रखा गया है। योजना की श्रेणी में आने वाले शून्य से 18 साल के बच्चों के वैध संरक्षक के बैंक खाते में 4000 रुपये प्रतिमाह दिए जाएंगे।