रेलवे ने गाजीपुर में रैक प्वाइंट रोड के निर्माण के लिए प्रस्ताव भेज दिया है। अगर सब कुछ ठीक रहा तो जल्द ही सड़क का निर्माण शुरू हो जाएगा। मार्ग के गड्ढे में तब्दील हो जाने से रैक से माल ले जाने में व्यापारियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। 50 मीटर लंबी सड़क के निर्माण के लिए व्यापारियों ने सांसद प्रतिनिधि से मुलाकात कर निर्माण की मांग की थी।
रेलवे की ओर से जिले तथा सिटी रेलवे स्टेशन को उच्चीकृत करने के लिए कई कार्य किये जा रहे है। इसके तहत अफीम फैक्ट्री के पास जोनल ट्रेनिंग सेंटर और किसानों के लिए शीतगृह सब्जी भंडारण प्रस्तावित है। इसी क्रम में रैक प्वाइंट रोड के निर्माण का भी प्रस्ताव बनाकर विभाग को भेजा गया है।
वन विभाग स्थित रैक प्वाइंट रोड से आए-दिन व्यापारी माल ढुलाई का कार्य करते हैं। मार्ग के गड्ढें में तब्दील हो जाने से माल ढुलाई में काफी दिक्कत उठानी पड़ रही है।
इस संबंध में इंजीनियर राहुल श्रीवास्तव ने बताया कि व्यापारियों की समस्याओं को देखते हुए जल्द ही रैक प्वाइंट रोड का निर्माण शुरू करा दिया जाएगा। जिससे माल ढुलाई में परेशानियों का सामना न करना पड़े।