जमानिया के रघुनाथपुर गांव में आयोजित रामलीला का मंचन करते कलाकार। संवाद
- फोटो : Archive
जमानिया। जनक दरबार में भगवान श्रीराम के हाथों शिव धनुष टूटते ही रघुनाथपुर गांव में चल रहे गंगाराम दास मानवता अभ्युदय महायज्ञ का पंडाल जय श्रीराम के उद्घोष से गूंज उठा। इसके बाद परशुराम और लक्ष्मण के बीच हुए ओजपूर्ण संवाद ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया। दस दिवसीय महायज्ञ के चौथे दिन शुक्रवार की देर शाम आदर्श रामलीला समिति की ओर से धनुष यज्ञ और परशुराम-लक्ष्मण संवाद का प्रभावशाली मंचन किया गया। योगीराज 108 सद्गुरु भगवान परमहंस संत गंगाराम दास महाराज की ओर से प्रवर्तित महायज्ञ में रामलीला के कलाकारों ने शानदार अभिनय और संवाद अदायगी से रामायण के प्रसंगों को जीवंत कर दिया। भव्य मंच सज्जा के बीच कलाकारों की प्रस्तुति ने देर रात तक श्रद्धालुओं को बांधे रखा।
इस दौरान अशोकानंद महाराज ने कहा कि भगवान श्रीराम संपूर्ण मानव समाज के आदर्श हैं। उनका जीवन मर्यादा, त्याग, सत्य और कर्तव्यनिष्ठा की मिसाल है। विपरीत परिस्थितियों में भी धर्म और सत्य का मार्ग नहीं छोड़ना चाहिए। कथा वाचिका आराधना ने कहा कि रामकथा केवल धार्मिक आख्यान नहीं, बल्कि जीवन को सही दिशा देने वाली प्रेरणा है। यह सत्य, ईमानदारी, माता-पिता की सेवा और पारिवारिक मर्यादा का संदेश देती है। इस अवसर पर कार्यक्रम अध्यक्ष संत दयाराम दास महाराज, बीडीसी बलवंत यादव, प्रधान प्रतिनिधि राकेश कुमार सिंह, तहसील अध्यक्ष बबलू यादव, सुखपाल, जयप्रकाश, संतोष, चंदन, नंदलाल, रामाशीष उपस्थित रहे।