कारागार के पॉजिटिव मरीजों को लेकर महकमा सतर्क
आक्सीजन सिलेंडर, पल्स आक्सीमीटर और पीपीई किट उपलब्ध कराया
दवाओं के अलावा स्वास्थ्य पर नजर रख रही मेडिकल टीम
संवाद न्यूज एजेंसी
गाजीपुर। जिला कारागार के संक्रमित मरीजों को लेकर स्वास्थ्य महकमा पूरी तरह सतर्क हो चुका है। चिकित्सकीय व्यवस्थाओं में कोई दिक्कत न हो, इसके लिए आक्सीजन सिलेंडर, पल्स आक्सीमीटर, फेस मास्क और पीपीई किट सहित अन्य जरूरी सामान उपलब्ध करा दिए गए हैं। इसके अलावा पर्याप्त दवाओं के साथ मेडिकल टीम मरीजों के स्वास्थ्य पर नजर रखे हुए है।
नगर के छावनी लाइन स्थित एक निजी विद्यालय को अस्थाई जेल बनाया गया। वहां बंदियों को रखने के बाद जहां उनकी जांच की जाती थी, वहीं रिपोर्ट आने के बाद ही जिला कारागार भेजा जाता था। बीते माह अस्थाई जेल समाप्त होने के बाद अब उनको न्यायालय में प्रस्तुत करने के बाद सीधे जिला कारागार लाया जा रहा है। ऐसे में कारागार अस्पताल में तैनात डाक्टरों द्वारा प्रत्येक बंदियों की एंटीजन किट से जांच की जा रही। निगेटिव और पॉजिटिव रिपोर्ट आने के बाद ही उन्हें बैरकों में भेजा जा रहा है। वर्तमान समय में जिला कारागार में 18 बंदी कोरोना संक्रमित हैं। ऐसे में इन्हें चिकित्सकीय सुविधा प्रदान करने के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से पर्याप्त संसाधन मुहैया कराया जा रहा है।
0000
इनसेट
अलग बैरक में रखे जाते हैं पॉजिटिव बंदी
गाजीपुर। जिला कारागार के कोरोना संक्रमित बंदियों के लिए अलग बैैरक की व्यवस्था की गई है। जांच के दौरान पॉजिटिव आने पर उन्हें कारागार के अंतिम बैरक में रखा जाता है। कारागार अस्पताल में तैनात दो डाक्टरों की टीम शिफ्टवार उनके स्वास्थ्य पर नजर रख रही है।
कोट
जिला कारागार में आए पॉजिटिव बंदियों को चिकित्सकीय सुविधा मुहैया कराने के लिए दवा और अन्य संसाधन वहां के अस्पताल को उपलब्ध करा दिया गया है। साथ ही दो सदस्यीय डाक्टरों की टीम लगातार उनके स्वास्थ्य का परीक्षण कर रही है। ज्यादा गंभीर होने पर तत्काल जिला अस्पताल के कोरोना वार्ड में भर्ती करने की भी पूरी व्यवस्था है- डा. जीसी मौर्या, सीएमओ