थाना क्षेत्र के इंदौर गांव में शुक्रवार को एक युवक की करेंट की जद में आने से मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उधर घर के एकलौते चिराग की मौत पर परिवार में कोहराम मच गया। इलाके के इंदौर गांव निवासी युवक मुहम्मद मकसूद (22) खेत से अपनी मां के साथ चारे का बोझा लेकर आ रहा था। इसी बीच अचानक सड़क किनारे लटक रहे हाईटेंशन विद्युत तार की चपेट में आ गया। करेंट लगने से उसकी मौत हो गई। मोहम्मद मकसूद अपनी चार बहनों के बाद अकेला भाई था। घर का एकलौता चिराग बुझने की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिवार के लोग रोने पीटने लगे।
ग्रामीणों की माने तो इलाके में घरेलू तथा हाईटेंशन तार जगह-जगह जमीन छू रहे हैं। इसकी शिकायत कई बार लोगों ने विभागीय अधिकारियों तथा जिला प्रशासन से की है। बावजूद इसके आज तक तारों को नहीं बदला जा सका। इन तारों को दुरूस्त कर दिया गया होता तो मकसूद हाईटेंशन तार की जद में नहीं आता। वर्तमान में घर की देखभाल तथा बहनों की शादी की पूरी जिम्मेदारी मकसूद के कंधों पर थी। क्योंकि उसके पिता मुश्ताक अहमद का इंतकाल पांच साल पहले हो चुका है।
मकसूद की मौत के बाद पूरा परिवार सदमे में है। ग्रामीणों ने बिजली विभाग तथा जिला प्रशासन से परिजनों को आर्थिक मदद दिलाने की गुहार लगाई है।
घटना से गांव में मातम है। ग्रामीण मकसूद के घर पर जुटे रहे और परिवार वालों को ढांढस बंधाते रहे। जबकि ग्रामीण महिलाओं ने घर में महिलाओं को संभाला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने भी जानकारी हासिल की। इलाकाई लोगों ने गमगीन परिवार वालों को आर्थिक मदद दिलाने की मांग की है। कहा कि मकसूद ही कमाऊ था। अब उसके न रहने पर घर वालों का क्या होगा।