बाप-बेटे की मौत पर गुस्साई भीड़ ने की तोड़फोड़
- फोटो : ओ पी वाधवानी
थानीय थाना क्षेत्र के देवकठिया के ताजपुर मोड़ पर गुरुवार की शाम ट्रक से कुचलकर एक युवक की मौत हो गई। इस दुघर्टना से गुस्साए ग्रामीणों ने गाजीपुर-मऊ मार्ग पर चक्का जाम कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस घटना स्थल पर पहुंच गई। सीओ और सदर एसडीएम के काफी प्रयास के बाद देर शाम तक जाम समाप्त हुआ।
मदारपुर गांव निवासी हरिहर राम (40) शाम को घर से चारा काटने वाली मशीन के पार्ट्स को ठीक कराने के लिए जंगीपुर बाजार पैदल जा रहा था। शाम पांच बेज के करीब वह ताजपुर मोड़ पर पहुंचा था कि गाजीपुर से मऊ की तरफ तेज गति से जा रहे ट्रक ने उसे रौंद दिया।
इससे उसकी घटना स्थल पर ही मौत हो गई। दुघर्टना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने ट्रक का पीछा कर चालक को पकड़ लिया। ग्रामीणों ने पकड़े गए ट्रक चालक की जमकर धुनाई कर दी। गुस्साए ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर चक्काजाम कर दिया और जगह-जगह मार्ग पर पुआल और टायर रखकर आग लगा दी। जाम की सूचना मिलते ही कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई।
मौके पर पहुंचे एसडीएम विजय शंकर तिवारी और सीओ उदयराज सिंह ने किसी तरह ग्रामीणों को शांत कराया। इसके बाद शाम साढ़े छह बजे करीब जाम समाप्त हुआ।