गाजीपुर। राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय में शैक्षिक सत्र 2025-26 में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन एवं प्रवेश काउंसिलिंग जारी है। महाविद्यालय में स्नातक एवं परास्नातक बीए एवं एमए प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश की तिथि 14 अगस्त तक बढ़ा दी गई है। प्राचार्य प्रो. अनिता कुमारी ने बताया कि प्रवेश के लिए इच्छुक और अर्ह छात्राएं 14 अगस्त तक अपना ऑनलाइन आवेदन कर सकती हैं।
उन्होंने बताया कि महाविद्यालय में एमए हिंदी, अंग्रेजी, राजनीति विज्ञान, अर्थशास्त्र, शिक्षा शास्त्र, गृह विज्ञान, प्राचीन इतिहास एवं एमएससी वनस्पति विज्ञान में पूर्वांचल विश्वविद्यालय की ओर से प्रत्येक पाठ्यक्रम में 33 प्रतिशत सीट वृद्धि कर दी गई है। इस पर प्रवेश के लिए आवेदन करने की तिथि महाविद्यालय की ओर से 14 अगस्त तक निर्धारित की गई है। प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन करने वाली छात्राएं अपने सभी शैक्षिक प्रमाण पत्रों की मूल एवं छाया प्रतियों के साथ प्रवेश काउंसिलिंग के लिए प्रतिदिन 1 से 2 बजे के बीच संबंधित विषय के विभागाध्यक्ष से संपर्क कर अपना प्रवेश काउंसिलिंग करा सकती हैं। सभी नव प्रवेशी छात्राओं को पूर्वांचल विश्वविद्यालय के समर्थ पोर्टल पर पंजीकरण करना आवश्यक है। महाविद्यालय के प्रवेश प्रभारी डॉ. शिवकुमार ने बताया कि बीएससी एवं एमएससी वनस्पति विज्ञान प्रथम सेमेस्टर की सीटें भर जाने के कारण विज्ञान संकाय की सभी सीटें भर गई हैं। बीए प्रथम सेमेस्टर की रिक्त सीटों पर प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन एवं प्रवेश काउंसिलिंग जारी है। बीए में प्रवेश के लिए आवेदन करने वाली छात्राएं समर्थ पोर्टल पर पंजीकरण के बाद अपने आवेदन पत्र और सभी प्रमाण पत्रों की मूल एवं छाया प्रतियों के साथ प्रवेश प्रभारी से 1 से 2 बजे के बीच प्रतिदिन संपर्क कर अपना विषय आवंटन कराकर फीस जमा कर सकती हैं।
सीट रिक्त होने तक करा सकती हैं प्रवेश
गाजीपुर। बीए एवं एमए प्रथम सेमेस्टर की प्रवेश काउंसिलिंग से छूटी छात्राएं भी निर्धारित समय पर उपस्थित होकर अपना प्रवेश सीट रिक्त होने तक करा सकती हैं। प्रवेश प्रभारी ने बताया कि महाविद्यालय में प्रवेश प्राप्त सभी छात्राएं निर्धारित समय सारणी के अनुसार कक्षाओं में नियमित रूप से उपस्थित हों। 14 अगस्त के पहले अनिवार्य रूप से अपनी फीस जमा कर अपना परिचय पत्र एवं लाइब्रेरी कार्ड चीफ प्रॉक्टर डॉ. संगीता से हिंदी विभाग में संपर्क कर प्राप्त कर लें और उसे अपने पास हमेशा रखें। छात्राएं प्रवेश की किसी भी अद्यतन जानकारी के लिए महाविद्यालय की वेबसाइट को देखती रहे।