फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ghazipur News: 134 परिषदीय स्कूलों पर मंडरा रहा हाईटेंशन तारों का खतरा

विज्ञापन
भवरूपुर स्थित पीएमश्री प्राथमिक विद्यालय परिसर के ऊपर से गुजरता हाईटेंशन बिजली का तार। संवाद
विज्ञापन
डेढ़ करोड़ मिलने के बाद भी 194 में सिर्फ 60 स्कूलों से हटीं लाइनें, सवा दो लाख बच्चों की सुरक्षा पर सवाल
विज्ञापन

गाजीपुर। लखनऊ अग्निकांड के बाद जहां प्रशासन कोचिंग संस्थानों और सार्वजनिक भवनों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सख्त नजर आ रहा है, वहीं जिले के परिषदीय विद्यालयों में बच्चों की सुरक्षा अब भी भगवान भरोसे है। जिले के 2,266 परिषदीय विद्यालयों में से 194 विद्यालय ऐसे चिह्नित किए गए थे, जिनके ऊपर या परिसर से होकर हाईटेंशन बिजली लाइन गुजर रही है। लाइन शिफ्टिंग के लिए करीब एक वर्ष पहले शासन ने बिजली निगम को 1.55 करोड़ रुपये उपलब्ध कराए थे, लेकिन अब तक केवल 60 विद्यालयों से ही लाइन हटाई जा सकी है। यानी आज भी 134 विद्यालयों में छात्र-छात्राएं, शिक्षक और कर्मचारी हर दिन खतरे के साए में पढ़ाई कर रहे हैं।
जिले के परिषदीय विद्यालयों में करीब सवा दो लाख छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं। बेसिक शिक्षा विभाग ने जर्जर भवनों में कक्षाएं बंद कराने जैसे कदम तो उठाए हैं, लेकिन विद्यालय परिसरों और भवनों के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइनें अब भी गंभीर चिंता का विषय बनी हुई हैं। शासन के निर्देश पर कराए गए सर्वे में सभी विकासखंडों के 194 विद्यालय ऐसे मिले थे, जहां हाईटेंशन लाइनें विद्यालय भवन या परिसर के ऊपर से गुजर रही हैं। तेज हवा और बारिश के दौरान इन लाइनों में कई बार स्पार्किंग होती है, जिससे हादसे की आशंका बनी रहती है। अभिभावकों को भी हर समय किसी अनहोनी का डर सताता रहता है। बेसिक शिक्षा विभाग के अनुसार लाइन शिफ्टिंग का आकलन तैयार कर शासन को भेजा गया था। इसके आधार पर करीब एक वर्ष पहले 1.54 करोड़ 96 हजार रुपये की धनराशि बिजली निगम को उपलब्ध करा दी गई थी, लेकिन कार्य अब तक पूरा नहीं हो सका है।
विज्ञापन


केस-1 : निर्माण कार्य के दौरान झुलसा था मजदूर
बहरियाबाद। भवरूपुर स्थित पीएम-श्री विद्यालय में अप्रैल 2024 में भवन निर्माण के दौरान मजदूर संदीप हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया था। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि विंध्याचल पाल ने बताया कि हादसे के बाद भी आज तक लाइन नहीं हटाई गई।
केस-2 : बच्चों के बीच टूटकर गिरा था बिजली का तार
सादात। प्राथमिक विद्यालय कबीरपुर में 14 अप्रैल 2024 को पढ़ाई के दौरान 420 वोल्ट का तार टूटकर परिसर में गिर गया था। साथ ही ट्रांसफार्मर में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई थी। शिक्षकों की सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद बिजली विभाग ने तत्काल लाइन हटवा दी।
शिकायत के बाद भी नहीं हटी 11 हजार वोल्ट की लाइन
मरदह। प्राथमिक विद्यालय बरही दलित बस्ती में स्कूल भवन और खेल मैदान के बीच से 11 हजार वोल्ट की लाइन गुजर रही है। प्रभारी प्रधानाध्यापक अरुण कुमार चौहान ने बताया कि कई बार लिखित शिकायत के बावजूद न तो लाइन शिफ्ट की गई और न ही कोई सुरक्षा उपाय किए गए। तेज हवा में तार झूलने लगते हैं, जिससे बच्चों की जान पर हमेशा खतरा बना रहता है।

कई विद्यालयों के पास ट्रांसफार्मर भी बने खतरा
खानपुर। सैदपुर विकासखंड के रामपुर स्थित परिषदीय विद्यालय परिसर के पास ट्रांसफार्मर और हाईटेंशन लाइन होने से छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और अभिभावकों में हमेशा दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।

सैदपुर में सबसे अधिक प्रभावित विद्यालय
जिले में सबसे अधिक 30 प्रभावित विद्यालय सैदपुर विकासखंड में हैं, जबकि नगर क्षेत्र में केवल एक विद्यालय इस सूची में शामिल है। इसके अलावा बाराचवर और भांवरकोल में 9-9, भदौरा में 8, बिरनो और रेवतीपुर में 3-3, देवकली में 16, करंडा में 13, कासिमाबाद में 11, मनिहारी में 12, मरदह में 20, मुहम्मदाबाद में 14, सदर में 5, सादात में 19, जखनिया में 10 तथा जमानिया में 11 विद्यालय हाईटेंशन लाइन की जद में हैं।


वर्जनविभाग की ओर से 194 विद्यालयों की सूची बिजली निगम को उपलब्ध कराई गई थी। अब तक 60 से अधिक विद्यालयों से हाईटेंशन लाइन हटाई जा चुकी है। जिलाधिकारी ने भी शेष विद्यालयों से लाइन हटाकर जल्द रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। - उपासना रानी वर्मा, बेसिक शिक्षा अधिकारी।
विज्ञापन

जिले में अब तक 60 विद्यालयों से हाईटेंशन लाइन शिफ्ट की जा चुकी है। शेष विद्यालयों में भी कार्य तेजी से चल रहा है और जल्द पूरा कर लिया जाएगा। - विवेक खन्ना, अधीक्षण अभियंता, बिजली निगम।

भवरूपुर स्थित पीएमश्री प्राथमिक विद्यालय परिसर के ऊपर से गुजरता हाईटेंशन बिजली का तार। संवाद

भवरूपुर स्थित पीएमश्री प्राथमिक विद्यालय परिसर के ऊपर से गुजरता हाईटेंशन बिजली का तार। संवाद

भवरूपुर स्थित पीएमश्री प्राथमिक विद्यालय परिसर के ऊपर से गुजरता हाईटेंशन बिजली का तार। संवाद

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें