सेवराई। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भदौरा पर सोमवार को वैक्सीनेशन के लिए युवाओं की लगी भीड़ ने दुर्व्यवस्था की पोल खोल दी। सूचना पर पहुंची चौकी पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में किया। 18 वर्ष से ऊपर आयु के युवाओं ने वैक्सीनेशन के लिए पंजीकरण किया गया था, लेकिन पोर्टल में समय सारणी न दिए जाने के कारण करीब 500 से ऊपर युवा टीकाकरण के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंच गए। इससे प्रभारी अधीक्षक सहित अन्य कर्मचारियों के हाथ पांव फूल गए। युवाओं की भीड़ को नियंत्रित करना कर्मचारियों के वश के बाहर की बात हो गई। आनन-फानन में अधीक्षक डॉ. रविरंजन द्वारा मुख्य चिकित्सा अधिकारी गाजीपुर एवं पुलिस अधिकारियों को इसकी सूचना दी गई। इसके साथ ही चार टीम गठित कर वैक्सीनेशन कार्य शुरु कराया गया। इस दौरान करीब चार घंटे तक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भदौरा में लोगों की भारी भीड़ लगी रही।