गाजीपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का गाजीपुर दौरा केवल 692 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं तक सीमित नहीं रहा। करीब 42 मिनट के भाषण में उन्होंने समाजवादी पार्टी पर एक के बाद एक तीखे राजनीतिक हमले किए। कानून-व्यवस्था से लेकर माफिया, नौकरी, महिलाओं की सुरक्षा और पूर्वांचल एक्सप्रेसवे तक, मुख्यमंत्री ने कई ऐसे बयान दिए जो जनसभा के बाद भी चर्चा का विषय बने रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले सपा के राज में उत्तर प्रदेश की पहचान दंगे और कर्फ्यू से होती थी, जबकि आज स्थिति बदल चुकी है। उन्होंने कहा, नो कर्फ्यू, नो दंगा, यूपी में सब चंगा। इसके साथ ही उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में अब त्योहार उपद्रव नहीं, बल्कि उत्सव के रूप में मनाए जाते हैं। उन्होंने अपने पुराने चुनावी नारे का जिक्र करते हुए कहा कि देख सपाई, बिटिया घबराई। उनका कहना था कि कानून-व्यवस्था मजबूत होने से अब बेटियां खुद को अधिक सुरक्षित महसूस कर रही हैं।
सरकारी नौकरियों को लेकर भी मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पहले जैसे ही भर्ती का विज्ञापन निकलता था, चाचा-भतीजे की जोड़ी वसूली करने निकल पड़ती थी। उन्होंने दावा किया कि उनकी सरकार में नौ वर्षों के दौरान नौ लाख से अधिक युवाओं को बिना सिफारिश और बिना घूस के सरकारी नौकरी मिली है।
पूर्वांचल एक्सप्रेसवे का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी पर 3 हजार करोड़ रुपये के घोटाले का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जब एक्सप्रेसवे पर एक इंच काम नहीं हुआ था, तब भी हजारों करोड़ रुपये का वारा-न्यारा कर दिया गया। उनकी सरकार ने परियोजना को पूरा कर पूर्वांचल को नई रफ्तार दी।
अब जो असलहा लहराकर माहौल बिगाड़ेगा, उसे कानून का सामना करना पड़ेगा
मुख्यमंत्री ने माफिया और अपराध पर कहा कि अब प्रदेश में जीरो टॉलरेंस की नीति लागू है और जो रामलीला या अन्य आयोजनों में असलहा लहराकर माहौल बिगाड़ने की कोशिश करेगा, उसे कानून का कठोर सामना करना पड़ेगा। दावा किया कि प्रदेश में माफिया राज समाप्त हो चुका है और अब विकास ही सरकार की प्राथमिकता है।
लाभार्थियों को मंच से बांटे स्वीकृति पत्र
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनसभा से पहले विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र, डेमो चेक और प्रमाणपत्र वितरित किए। मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के तहत लैपटॉप, मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना बीमा योजना में पांच लाख रुपये का डेमो चेक, प्रधानमंत्री सूर्य घर, मुख्यमंत्री आवास, कन्या सुमंगला और स्वच्छ भारत मिशन समेत कई योजनाओं के लाभार्थियों को सम्मानित किया गया। प्रमाणपत्र मिलते ही लाभार्थियों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
प्रदर्शनी देखी, गर्भवती महिलाओं की कराई गोदभराई
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों की विकास प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने योजनाओं की जानकारी ली और आंगनबाड़ी विभाग के कार्यक्रम में शामिल होकर गर्भवती महिलाओं की गोदभराई तथा नवजात शिशुओं का अन्न प्राशन भी कराया। इस दौरान अधिकारियों से योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी भी ली।
गहमर के सैनिकों का किया जिक्र, वीरों की धरती को किया नमन
मुख्यमंत्री ने वीर अब्दुल हमीद समेत जिले के रणबांकुरों और साहित्यकारों को नमन किया। उन्होंने कहा कि एशिया के सबसे बड़े गांव गहमर में 12 हजार से अधिक सैनिक और 15 हजार से ज्यादा पूर्व सैनिक रहते हैं। गाजीपुर के जवानों ने हर युद्ध में देश का गौरव बढ़ाया है।
पूर्वांचल एक्सप्रेसवे को शक्तिनगर तक बढ़ाने का एलान
मुख्यमंत्री ने कहा कि गाजीपुर की सड़क और स्वास्थ्य सुविधाओं में बड़ा बदलाव आया है। मेडिकल कॉलेज और फोरलेन सड़कों से जिले की तस्वीर बदली है। उन्होंने पूर्वांचल एक्सप्रेसवे को चंदौली, वाराणसी होते हुए शक्तिनगर तक विस्तारित करने की घोषणा दोहराई।
चार जातियों के विकास का मंत्र दोहराया
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश में केवल चार जातियों गरीब, किसान, महिला और युवा के विकास को सरकार की प्राथमिकता बताया है। इन वर्गों को आत्मनिर्भर बनाकर 2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य हासिल किया जाएगा। युवाओं को रोजगार, किसानों को बेहतर दाम और महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए सरकार लगातार योजनाएं चला रही है।
डबल इंजन सरकार के साथ चलने की अपील
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था मजबूत हुई है और विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने लोगों से डबल इंजन सरकार का साथ देने की अपील करते हुए कहा कि जनता 10 कदम चलेगी तो सरकार 100 कदम साथ चलेगी। सुरक्षा, सुशासन और विकास ही सरकार की प्राथमिकता है।
पौहारी बाबा और लहुरी काशी का किया उल्लेख
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में गाजीपुर की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत का उल्लेख करते हुए इसे लहुरी काशी बताया। उन्होंने कहा कि पौहारी बाबा, भगवान परशुराम और महर्षि जमदग्नि की तपोभूमि रहे जिले को आध्यात्मिक पर्यटन के रूप में विकसित किया जा रहा है।
सुहेलदेव से लेकर अब्दुल हमीद तक का किया स्मरण
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में राष्ट्रनायक महाराजा सुहेलदेव, परमवीर चक्र विजेता वीर अब्दुल हमीद और गाजीपुर के रणबांकुरों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रनायकों को सम्मान देने वाला समाज ही आगे बढ़ता है। करीब दो घंटे चार मिनट के प्रवास में मुख्यमंत्री ने विकास परियोजनाओं का लोकार्पण किया, लाभार्थियों को सम्मानित किया।
भदोही का नाम बदलने पर जताया आभार
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गाजीपुर दौरे के दौरान भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के जिलाध्यक्ष एवं जिला पंचायत सदस्य शैलेश कुमार ने पत्र सौंपकर भदोही का नाम पुनः संत रविदास नगर किए जाने के निर्णय पर उनका आभार जताया। बताया कि गुरु रविदास के नाम पर स्थापित जनपद का नाम बदले जाने से रविदास समाज और दलित समाज की भावनाएं आहत हुई थीं।
आर्या को सीएम ने मंच पर बुलाया
मुहम्मदाबाद। अग्रवाल टोली मुहल्ले की रहने वाली आर्या वर्मा मुख्यमंत्री का सुंदर चित्र उकेरकर बहन वैष्णवी के साथ चित्र को हाथ में ऊपर दिखाते हुए पूरे भाषण के दौरान मंच के सामने खड़ी रही। भाषण समाप्त होने के बाद मुख्यमंत्री ने दोनों बच्चियों को मंच पर बुलाया और चित्र की तारीफ की। बच्चियों ने मुख्यमंत्री को चित्र देकर उनके साथ फोटो भी खिंचवाया। आर्या इस समय कंबाइंड डिफेंस सर्विस (सीडीएस) की तैयारी कर रही है।
-
दस मिनट लेट आए और 49 मिनट विलंब से रवाना हुए
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का हेलिकॉप्टर नवीन मंडी स्थल परिसर में बने हेलिपैड पर सुबह 10:35 बजे उतरा था, जो निर्धारित समय से 10 मिनट लेट था। इसके बाद मंच के पीछे बन स्टॉलों पर भ्रमण और बच्चों के अन्नप्राशन के बाद सुबह 10:52 पर मंच पर आ गए। सुबह 11:20 पर उन्होंने जनसभा को संबोधित करना शुरू कर दिया। करीब 42 मिनट बाद दोपहर 12:02 पर उन्होंने संबोधन खत्म कर लोगों को अभिवादन किया। करीब सात मिनट मंच पर बिताने के बाद दोपहर 12:09 पर मंच से उतर गए। करीब 20 मिनट तक मंच के पीछे पार्टी के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं से मुलाकात के बाद दोपहर करीब 12:39 पर उनका हेलिकॉप्टर से लखनऊ के लिए रवाना हुआ, जो निर्धारित समय से करीब 49 मिनट विलंब था। इस दौरान रुक-रुक कर रही बारिश भी सीएम के प्रस्थान में कुछ देर के लिए बाधा बनी। कार्यक्रम समाप्त होते ही लोगों घर जाने की जल्दी नजर आने लगी। एक ओर अधिकारी अपने वाहनों के काफिले के साथ हूटर बजाते सड़कों पर दिखे तो दूसरी ओर ग्रामीण क्षेत्रों से आए लोग पैदल ही प्रस्थान करते दिखे, जिससे काफी देर तक आवागमन अवरुद्ध रहा।
नवीन मंडी स्थल में जन सभा को संबोधि करते मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ। स्रोत- सूचना विभाग
नवीन मंडी स्थल में जन सभा को संबोधि करते मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ। स्रोत- सूचना विभाग
नवीन मंडी स्थल में जन सभा को संबोधि करते मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ। स्रोत- सूचना विभाग
नवीन मंडी स्थल में जन सभा को संबोधि करते मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ। स्रोत- सूचना विभाग
नवीन मंडी स्थल में जन सभा को संबोधि करते मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ। स्रोत- सूचना विभाग
नवीन मंडी स्थल में जन सभा को संबोधि करते मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ। स्रोत- सूचना विभाग