नोटबंदी को लेकर जिला और शहर कांग्रेस कमेटी तथा भाकपा (माले) के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को जमकर विरोध जताया। जिला कमेटी की ओर से सिटी रेलवे स्टेशन से पदयात्रा एवं शहर कमेटी की तरफ से टाउनहाल से जुलूस निकाला गया। विभिन्न रास्तों से होकर निकले इस जुलूस में शामिल कार्यकर्ता केंद्र सरकार की गलत नीतियों के प्रति नारेबाजी कर विरोध जताते चल रहे थे। देशव्यापी आंदोलन के तहत भाकपा माले ने शहर सहित कई स्थनों पर आक्रोश मार्च निकाला।
इस दौरान प्रधानमंत्री का पुतला फूंका। जमानियां में राष्ट्रपति को संबोधित 5 सूत्रीय ज्ञापन नायब तहसीलदार को सौंपा गया।
जिला कांग्रेस कमेटी की जन आक्रोश पदयात्रा में प्रदेश उपाध्यक्ष दिग्विजय सिंह, प्रदेश महामंत्री धीरेंद्र पांडेय और राजीव उपाध्याय ने कहा कि केंद्र सरकार की गलत नीतियों से देश की जनता परेशान हैं। नोटबंदी कर सरकार ने जनता को कतार में खड़ा कर दिया है।
पदयात्रा में वरिष्ठ नेता अहमद जमाल जैदी, रविकांत राय, पंकज दुबे, भोला राजभर, राजीव सिंह, वेरोनिकानाथ, बिंदू राजभर, अरविंद किशोर राय, सोनिया सिंह, देवेश कुमार सिंह, सतीश उपाध्याय, अजय सिंह, मो. गाजी, बालेश्वर सिंह आदि उपस्थित थे। इसी क्रम में शहर कांग्रेस कमेटी की ओर से निकाला गया जुलूस महुआबाग चौराहा पहुंचकर सभा में तब्दील हो गया।
इस अवसर पर कमेटी के अध्यक्ष शफीक अहमद ने कहा कि प्रधानमंत्री ने चुनाव के समय सौ दिन के अंदर विदेशों से काला धन लाने का वादा किया था, लेकिन वह ऐसा नहीं कर पाए। उन्होंने आम लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। इस मौके पर वरिष्ठ नेता डा. मारकंडेय सिंह, डा. जनक कुशवाहा, परवेज खान, मिलिंद्र सिंह, शेर खां, मो. राशिद, आशुतोष गुप्ता, अरविंद मिश्र, मोती राम, रामप्रसाद राय, रमेश बिंद, आनंद राय, जावेद जहीर खान, राकेश राय, नगीना पांडेय, अजय श्रीवास्तव, बटुकनारायण मिश्र आदि रहे।
भाकपा (माले) कार्यकर्ताओं ने सोमवार को शहर में मार्च निकाला। विभिन्न रास्तों से होते हुए मार्च एमएएच इंटर कालेज पर पहुंचकर सभा में तब्दील हो गया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री का पुतला फूंका गया। पार्टी की केंद्रीय कमेटी के सदस्य एवं अखिल भारतीय किसान महासभा के राष्ट्रीय सचिव ईश्वरी प्रसाद कुशवाहा ने कहा कि प्रधानमंत्री ने नोटबंदी करके देश की अर्थव्यवस्था एवं किसानों, छोटे कारोबारियों की कमर ही तोड़ दी है।
इसका प्रभाव मंदी के रूप में दूरगामी होगा। नोट बंदी के चलते सब्जी उत्पादक किसानों की लागत नहीं आ रही है। जमाखोर गेहूं, चावल के दाम बढ़ा रहे हैं और किसानों के धान की कोई कीमत ही नहीं है। उन्होंने नोटबंदी का जबाब वोटबंदी से देने का आह्वान किया।
राव विरेंद्र ने कहा कि सरकार लगातार कारपोरेट घरानों को टैक्स मेें छूट, कर्ज माफी कर तोहफा दे रही है। सभा में भाकपा के जिला सचिव अमेरिका यादव, आरएम राय, योगेंद्र प्रताप भारती, सगीर अहमद, नसीरूद्दीन, मनोज कुशवाहा, प्रमोद राजेश आदि ने विचार व्यक्त किया। अध्यक्षता जाफर आब्दी और संचालन मोती प्रधान ने किया।
जमानियां संवाददाता के अनुसार भाकपा माले की सभा में जिला सचिव रामप्यारे राम ने कहा कि कालाधन पर हमले के नाम पर मोदी सरकार ने जनता की गाढ़ी कमाई, जीविका और सम्मान पर धावा बोल दिया है। नोटबंदी जैसे तुगलकी फरमान की मार किसानों, मजदूरों पर पड़ रही है। बैंकों में कैश नहीं है।
लोग शादी-विवाह, दवा, इलाज, खेती बारी के लिए परेशान है। भदौरा ब्लाक सचिव रामप्रवेश कुशवाहा, विजय, लालजी, मुराली, योगेंद्र, सदानंद, गोरख राजभर, विनोद, सुरजी देवी, मुकेश आदि रहे। अध्यक्षता रामरूप पासी तथा संचालन विनोद गुप्ता ने किया। सैदपुर संवाददाता के अनुसार सिधौना में भी मार्च निकालकर प्रधानमंत्री का पुतला फूंका गया। इस मौके पर नंदकिशोर बिंद, कन्हैया बिंद, आजाद, सरोज यादव, घुरभारी, डा. रणवीर आदि रहे।