अठगांवा में आयोजित स्व. हरिकेश सिंह, लोदी सिंह, द्वारिका सिंह अखिल भारतीय हाकी प्रतियोगिता रविवार को संपन्न हो गई। पुरुष हाकी के फाइनल मुकाबले में एसटीसी लखनऊ और महिला हाकी में मेजबान टीम ने जीत दर्ज कर प्रतियोगिता के खिताब पर कब्जा जमा लिया।
पूरे प्रतियोगिता भर (फाइनल के पहले) अजेय रही गीतांजलि स्पोर्ट्स और एसटीसी लखनऊ के बीच मुकाबला हुआ। खेल के चौथे मिनट में लखनऊ के गोविंद ने पेनाल्टी कार्नर के गोल में बदलकर टीम को बढ़त दिला दी। 54वें मिनट में लखनऊ के ही मनीष यादव ने पेनाल्टी कार्नर से गोल कर टीम को 2-0 से विजय बना दिया। तीसरे और चौथे स्थान के लिए हुए मुकाबले में सिग्नल जालंधर और उत्तर तटीय रेलवे भुवनेश्वर निर्धारित समय में दोनों टीमें कोई गोल नहीं कर सकी। टाई ब्रेकर के जरिए हुए फैसले में भुवनेश्वर ने 2-1 से बाजी मारकर तीसरा स्थान प्राप्त किया।
महिला हाकी के फाइनल में लोदी सिंह द्वारिका सिंह हाकी अकादमी की सोनी सिंह ने 20वें, 25वें 34वें और 36वें मिनट में, प्रिदर्शनी ने 17वें, 18वें और 38वें मिनट में तथा सोनी गोड़ ने 10वें और 23वें मिनट में दो गोल कर टीम को बो हाकी अकादमी में कोलकाता के खिलाफ 10-1 से विजयी बनाया। कोलकाता की तरफ से शिवानी ने एकमात्र गोल किया।
प्रतियोगिता के विजेता एसटीसी लखनऊ को 75 हजार, उपविजेता गीतांजलि स्पोर्ट्स को 30 हजार और तीसरे स्थान पर रही उत्तर तटीय रेलवे भुवनेश्वर को 15 हजार तथा महिला हाकी की विजेता लोदी सिंह द्वारिका सिंह अकादमी को 15 हजार एवं उपविजेता बो हाकी अकादमी कोलकाता को 10 हजार का पुरस्कार प्रदान किया गया। प्रतियोगिता के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी के रूप में गीतांजलि स्पोर्ट्स के पवन राजभर और फाइनल के मैन आफ द मैच के रूप में एसटीसी के मनीष कुमार यादव का चयन किया गया।