गाजीपुर। नंदगंज थानाक्षेत्र के डिहिया गांव में पूर्व विधायक सुभाष पासी के भाई व पूर्व ब्लॉक प्रमुख मोती पासी की बहू का शनिवार को फंदे पर शव लटका मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया।
पूर्व ब्लॉक प्रमुख मोती पासी के बेटे विनीत पासी की शादी 16 जून 2003 में मरदह थानाक्षेत्र के सेवठा गांव निवासी पूनम पासी (24) के साथ हुई थी। परिजनों के मुताबिक शनिवार को पूनम घर में अकेली थी, जबकि ससुर बच्चे को बाहर खाना खिला रहे थे।
पति बाहर कहीं गया था। इसी बीच मकान के दूसरे तल पर पूनम का कमरे में सीलिंग फैन में साड़ी के फंदे से शव लटका दिखा। परिवार के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को उतारा।
मृतका का एक 11 माह का बेटा वेद है। घटना किन परिस्थितियों में हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। सीओ सुधाकर पांडेय ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर जांच की जा रही है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी, फिलहाल अभी कोई कारण सामने नहीं आया है।