जखनिया। भुड़कुड़ा कोतवाली क्षेत्र के मर्दानपुर गांव के पास मगई नदी में सोमवार की सुबह एक युवक का उतराया शव मिला। झाड़ियों में शव फंसा था। ग्रामीणों की मदद से पुलिस ने शव को पानी से बाहर निकलवाया। युवक चार दिन से घर लापता था। कोतवाल धीरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि मर्दानपुर गांव के पास मगई नदी में उतराया एक युवक शव झाड़ियों में फंसे होने की सूचना ग्रामीणों ने दी। पुलिस टीम मौेके पर पहुंची और शव को पानी से बाहर निकलवाया। ग्रामीणों ने मृतक की पहचान बुढ़ानपुर गांव निवासी भोला राजभर (23) के रूप में की। परिजनों ने पूछताछ में बताया कि भोला चार दिन से घर से लापता था। उसके पिता चौजा तिराहे पर चाय की दुकान चलाते हैं। ग्रामीणों ने आशंका व्यक्त करते हुए बताया कि युवक शौच के लिए गया होगा और फिसलकर नदी में गिरने से शायद डूबकर उसकी मौत हुई होगी। हालांकि पुलिस मामले की जांच कर रही है। कोतवाल धीरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही कारण स्पष्ट होगा। इधर शव पानी से बाहर निकलते ही परिजन रोने- बिलखने लगे। ग्रामीण परिजनों को सांत्वना देने में जुटे रहे।