नगर कोतवाली के सकलेनाबाद स्थित एक शोरूम के सामने सोमवार की शाम करीब पांच बजे पूर्व मंत्री सपा नेता नारद राय के लक्जरी वाहन से उचक्कों ने सूटकेस उड़ा दिया। उसमें चार से पांच बैंकों के चेकबुक, एटीएम, महत्वपूर्ण कागजात और करीब 30 हजार रुपये मौजूद थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एटीएम एवं शोरूम के सीसीटीवी कैमरे का फुटेज देखा। सीसीटीवी में तीन उचक्के सूटकेस लेकर सीसीटीवी में जाते नजर आ रहे हैं। सपा नेता पूर्व मंत्री नारद राय वाराणसी से बलिया अपने निजी वाहन से जा रहे थे। नगर सकलेनाबाद स्थित एक शोरूम के सामने उनके वाहन का पहिया पंचर हो गया। इस पर चालक करुणाकर राय ने वाहन रोककर पहिया बदलना शुरू कर दिया। इधर पूर्व मंत्री नारद राय अपने सरकारी गनर के साथ सड़क पर उतरकर टहलते हुए आगे बढ़ गए। इसी दौरान तीन उचक्कों ने वाहन में रखे शूटकेस पर हाथ साफ कर दिया। पहिया बदलने के बाद जब पूर्व मंत्री अपने वाहन में आकर बैठे तो शूटकेस गायब देख वह चालक से पूछताछ करने लगे। घटना की जानकारी होते ही मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। साथ एटीएम एवं शोरूम के सामने लगे सीसीटीवी कैमरे को खंगालने में जुट गई। छानबीन के दौरान सीसीटीवी कैमरे में तीन उचक्के शूटकेस ले जाते दिखाई पड़े। फिलहाल पुलिस तीनों उचक्कों को चिह्नित कर दबोचने में जुटी हुई है।