निजी स्कूलों में 8797 सीटोंं पर दाखिले के लिए 2 फरवरी से शुरू होगी आवेदन प्रक्रिया
संवाद न्यूज एजेंसी
गाजीपुर। शिक्षा के अधिकार अधिनियम (आरटीई) के तहत वर्ष 2026-27 के लिए निजी स्कूलों की 25 फीसदी सीट पर दाखिले के लिए आवेदन की प्रक्रिया दो फरवरी से शुरु होगी। पोर्टल अपडेट नहीं होने से चयन की प्रक्रिया दो महीने विलंबित हो गई। पिछले दो वर्षों से यह प्रकिया एक दिसंबर से शुरू हो जाती थी, इसमें चार चरण होते थे। सत्र में प्रकिया के देर से होने के कारण एक चरण को कम कर दिया गया है। अब आरटीई के तहत तीन चरण में आवेदन होंगे। एक चरण कम हो जाने से अभिभावकों में निराशा है।
इस वर्ष आरटीई के तहत 1309 निजी स्कूलों में 8797 सीटें आरक्षित की गई हैं। पहले चरण की आवेदन प्रक्रिया 2 से 16 फरवरी तक चलेगी। इसी अवधि में बीएसए कार्यालय की तरफ से आवेदनों का सत्यापन एवं लॉक करने की प्रक्रिया की जाएगी। पहले चरण की लॉटरी 18 फरवरी को निकाली जाएगी। 20 फरवरी को चयनित बच्चों की विद्यालयवार सूची जारी की जाएगी। दूसरा चरण 21 फरवरी से 7 मार्च तक चलेगा। इस दौरान भी ऑनलाइन आवेदन, सत्यापन एवं लॉक की प्रक्रिया बीएसए स्तर से की जाएगी। दूसरे चरण की लॉटरी 9 मार्च को होगी तथा 11 मार्च को चयनित बच्चों को विद्यालय आवंटित कर दिए जाएंगे। तीसरा चरण 12 से 25 मार्च तक संचालित होगा। इस चरण की लॉटरी 27 मार्च को निकाली जाएगी तथा 29 को बीएसए की तरफ से विद्यालय आवंटन के सापेक्ष सीटों पर प्रवेश के आदेश जारी किए जाएंगे। विभाग की ओर से हेल्प डेल्क का गठन किया गया है। जिला स्तर पर खंड शिक्षा अधिकारी, जिला समन्वयक और कंप्यूटर ऑपरेटर की टीम बनाई गई है। वहीं ब्लॉक स्तर पर खंड शिक्षा अधिकारी एवं ब्लॉक एमआईएस की टीम का गठन किया गया है। अगर किसी भी अभिभावक को आवेदन में दिक्कत आएगी तो वह इन्हें फोन कर सकेंगे। आवेदन के इच्छुक छात्र-छात्राएं आधिकारिक वेबसाइट https://rte25.upsdc.gov.in पर जाकर आवेदन कर सकते हैं।
0000
बीते वर्ष आए थे 4307 आवेदन
शैक्षिक सत्र 2025-26 के लिए पहले चरण में 1400 आवेदन आए थे। इसमें 139 आवेदन पत्र निरस्त कर दिए गए, शेष 1261 पात्र विद्यार्थियों की लाॅटरी 24 दिसंबर को निकाली गई। इनमें 506 विद्यार्थियों को स्कूल आवंटित कर दिए गए। दूसरे चरण के लिए 1167 आवेदन पोर्टल पर हुए थे, जिनमें 945 पात्र पाए गए। 24 जनवरी को निकाली गई लाॅटरी में 505 बच्चों को स्कूल आवंटित किए गए थे। तीसरे चरण में 812 आवेदन हुए थे, जिनमें 175 आवेदन पत्र विभिन्न कारणों से निरस्त कर दिए गए थे। शेष 637 आवेदन पत्रों को लाॅटरी में शामिल किया गया, जिनमें 375 बच्चों को स्कूल आवंटित किए गए। चौथे एवं अंतिम चरण की प्रक्रिया एक मार्च से 19 मार्च तक पूरी की गई, जिसमें 928 लोगों ने आवेदन किया था। 24 मार्च को निकाली गई लाॅटरी में 293 बच्चों को स्कूल आवंटित किए गए थे।
0000
आरटीई के अंतर्गत आवेदन प्रक्रिया ऑनलाइन रहेगी। आवेदन प्रक्रिया शुरु होने से पहले जिले के सभी गैर सहायता प्राप्त निजी विद्यालयों की प्रारंभिक कक्षाओं (पूर्व प्राथमिक एवं कक्षा-एक) की कुल सीटों की 25 प्रतिशत सीटें आरटीई के तहत आरक्षित की जाएंगी। इसके लिए विद्यालयों की मैपिंग करा ली गई है।
-उपासना रानी वर्मा, बेसिक शिक्षा अधिकारी
0000
यह दस्तावेज होंगे जरूरी
अभिभावकों का आय प्रमाणपत्र
जाति प्रमाणपत्र
अभिभावक का निवास प्रमाणपत्र
जन्म प्रमाणपत्र
दिव्यांग प्रमाण पत्र