खाड़ी और पश्चिमी एशियाई देशों में बढ़ते तनाव के मद्देनजर जिला प्रशासन सतर्क हो गया है। इन देशों में निवासरत जिले के लोगों की जानकारी तहसील, थाना और पंचायत स्तर से एकत्र की जा रही है, ताकि आवश्यकता पड़ने पर त्वरित सहायता उपलब्ध कराई जा सके। अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) दिनेश कुमार ने बताया है कि जिनके परिजन प्रभावित देशों में रह रहे हैं, वे उनकी सूचना जिला प्रशासन को उपलब्ध कराएं। इसके लिए हेल्पलाइन नंबर 9454417103 और 0548-2224041 जारी किए गए हैं। इन नंबरों पर प्रातः 8 बजे से सायं 8 बजे तक संपर्क किया जा सकता है। बता दें कि जिले के करीब 250 गांवों के लगभग 10 हजार से अधिक युवा रोजी-रोटी की तलाश में खाड़ी देशों में कार्यरत हैं। फरवरी माह में ही 150 से अधिक युवक दुबई, सऊदी अरब, कतर, बहरीन, यूएई और इजराइल गए हैं। प्रशासन ने परिजनों से अपील की है कि वे अफवाहों से बचें और केवल अधिकृत सूचना पर ही भरोसा करें।