गाजीपुर। रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में 25 हजार के इनामी प्रताप नारायण मिश्र ने बृहस्पतिवार को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट नूतन द्विवेदी की अदालत में सरेंडर कर दिया। आरोपी ने अधिवक्ता के माध्यम से शुक्रवार को जमानत याचिका दाखिल की। सुनवाई के लिए कोर्ट ने एक दिसंबर की तिथि तय की है। करीमुद्दीनपुर थाना क्षेत्र के मसौनी गांव निवासी मृत्युंजय राय ने प्राथमिकी दर्ज कराई थी कि लठ्ठूडीह चट्टी पर मिश्रवालिया गांव निवासी रविकांत और प्रताप नारायण मिश्र आए। पांच लाख रुपये रंगदारी मांगने लगे। विरोध करने पर उन लोगों ने मोबाइल से फोन कर मुख्तार अंसारी गैंग के शूटर उमेश उर्फ गोरा राय को बुलाया। गोरा राय अपने भतीजे दुर्गेश व कुछ अन्य लोगों के साथ पहुंचा और मारने-पीटने लगा। मामले में पुलिस ने सभी आरोपियों पर 25-25 हजार का इनाम घोषित किया है और तलाश कर रही थी। इसी दौरान बृहस्पतिवार को 25 हजार इनामी प्रताप नारायण मिश्र ने कोर्ट में सरेंडर कर दिया। गोरा राय, उसका भतीजा दुर्गेश राय व रविकांत मिश्रा फरार चल रहे हंै। संवाद