जमानिया। प्रदेश में लेखपाल की हत्या, अपहरण व हिंसात्मक घटनाओं के विरोध में लेखपाल संघ ने शनिवार को मुख्यमंत्री को संबोधित 11 सूत्री मांग पत्र तहसीलदार रामनरायण वर्मा को सौंपा। साथ ही बरेली में लेखपाल मनीष कश्यप की हत्या के आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। लेखपाल संघ के तहसील अध्यक्ष विजय कुमार सिंह के नेतृत्व में लेखपालों ने घटना पर आक्रोश जताया। बरेली के लेखपाल हत्याकांड में डीएनए जांच की शीघ्र रिपोर्ट मंगवाना, घटना की सीबीआई जांच दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की। कहा, मृतक/अपहृत का परिवार गरीब व सहाय है। आश्रितों को पचास-पचास लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाए। मृतक आश्रित कोटे में नौकरी एवं असाधारण पेंशन व देयकों का भुगतान तत्काल किया जाए। इच्छुक लेखपालों को शस्त्र लाइसेंस बिना पुलिस कार्रवाई के एसडीएम रिपोर्ट पर दिए जाए। लेखपाल व राजस्व निरीक्षक के साथ हो रही घटनाओं को गैर जमानती अपराध घोषित किया जाए। क्षेत्र में रात निवास की बाध्यता समाप्त की जाए, लेखपालों से एफआईआर दर्ज न करवाई जाए, राजस्व संहिता की धारा 67 की रिपोर्ट के लिए आनलाइन पोर्टल विकसित किया व अवैध खनन में ड्यूटी न लगाई जाए। उक्त मौके पर लेखपाल संघ जिलाध्यक्ष रमेश राम, शिवप्रताप, ईश्वर, विजय कुमार, विनित, राजकुमार, अजित कुमार, विनोद भारती आदि लोग मौजूद रहे।