दुल्लहपुर थानाक्षेत्र के एक इंटर कॉलेज से इंटरमीडिएट की परीक्षा देकर घर जा रहे दो छात्रों पर हुए जानलेवा हमले के एक नामजद आरोपी को पुलिस पांच दिन बाद भी गिरफ्तार नहीं कर सकी है। आठ अज्ञातों को भी अब तक चिह्नित नहीं किया जा सका है। इधर छात्र मऊ के एक निजी अस्पताल मेंं जीवन और मौत से जूझ रहा है।
मरदह थाने के गहली वसारिकापुर निवासी विनय कुमार सिंह ने बताया कि बीते 12 मार्च को उनका पुत्र प्रतीक उर्फ आकाश और रिश्तेदारी का लड़का अतुल इंटरमीडिएट की परीक्षा देने दुल्लहपुर थानाक्षेत्र के एक विद्यालय गए थे।
परीक्षा देने के बाद जब दोनों बाहर निकलकर एक दुकान पर रखे मोबाइल को लेकर बाइक से घर रवाना हुए तो सुल्तानपुर निवासी रोहित यादव अपने आठ साथियों के साथ पहुंचा और प्रतीक उर्फ आकाश पर लाठी-डंडे और रॉड से जानलेवा हमला कर दिया। अतुल को भी मारपीट कर घायल कर दिया। घायल प्रतीक को मऊ के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, उसकी हालत नाजुक बताई गई है। घायल के पिता विनय ने बताया कि 5 दिन बाद भी पुलिस आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर सकी है।