शहर कोतवाली क्षेत्र के पुलिस कार्यालय के समीप मंगलवार की सुबह छात्रों से भरा टेंपो अनियंत्रित हो पलट गया। सड़क हादसे में एक छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई, जबकि कई को हल्की चोटें आई। घटना की सूचना के बाद भी पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। जबकि आस-पास के लोगों ने तत्काल 100 नंबर पर डायल कर सूचना दी थी।
मंगलवार की सुबह एक टेंपो शाहफैज स्कूल के छात्रों को लेकर गोराबाजार से विद्यालय जा रहा था। इसी दौरान कचहरी स्थित पुलिस अफिस के पास अचानक टेंपो अनियंत्रित होकर पलट गया। पलटते ही उसमें सवार छात्र-छात्राएं चीखने-चिल्लाने लगे। उनकी आवाज सुनकर आस-पास मौजूद लोग मौके की तरफ दौड़ पड़े। आनन-फानन में टेंपो में फंसे छात्रों को एक-एक कर बाहर निकाला गया।
दुर्घटना के बाद चालक टेंपो मौके पर छोड़कर फरार हो गया। दुर्घटना में एक छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जबकि अन्य आधा दर्जन छात्र-छात्राएं मामूली रूप से चुटहिल हो गए। पुलिस टेंपो को कब्जे में ले कोतवाली लाई और फरार चालक की तलाश शुरु कर दी। घटना स्थल के पास मौजूद लोगों का कहना था कि दुर्घटना के बाद तत्काल लोगों ने पुलिस के 100 नंबर वाहन को फोन किया। बावजूद इसके घंटों बाद भी पुलिस मौके पर नहीं पहुंची।