सेवराई में आई तेज आंधी व बारिश में गिरा दुकानों का शेड।
- फोटो : GHAZIPUR
गाजीपुर। मौसम के बार-बार खराब होने का क्रम जारी है। इसी क्रम में रविवार की रात भी अचानक मौसम खराब हो गया और तेज आंधी के बीच गरज के साथ शहर के विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों में करीब आधा घंटा झमाझम बारिश हुई। आंधी से कइयों के टीनशेड और छप्पर उड़कर दूर जा गिरे। आम के टिकोरे जमीदोज हो गए। जिन किसानों के गेहूं की मड़ाई का कार्य पूरा नहीं हुआ है, उनकी परेशानी बढ़ गई।
मालूम हो कि करीब 20 दिन से मौसम में उतार-चढ़ाव का सिलसिला जारी है। इस दौरान कभी तेज धूप के बदली छा जा रही है और बूंदाबांदी शुरू हो जा रही है। वहीं, तेज आंधी के साथ बारिश हो रही है। इससे किसानों के माथे पर बल पड़ रहा है। रविवार को सुबह ही तीखी धूप निकल गई। इससे मौसम का तेवर काफी तल्ख रहा। लोग गर्मी से परेशान रहे। इसी बीच रात में करीब सवा नौ बजे अचानक मौसम का मिजाज बदल गया और तेज शहर के साथ ही कई ग्रामीण क्षेत्रों में तेज आंधी के साथ गजर के बीच तेज बारिश शुरू हो गई, जो करीब आधा घंटा तक जारी रही। बारिश से एक तरफ जहां मौसम ठंडा हो गया और लोगों को गर्मी से राहत मिली। वहीं, आंधी से कइयों के टीनशेड और छप्पर उड़कर दूर जा गिरे और क्षतिग्रस्त हो गए। सेवराई संवाददाता के अनुसार, रात में आई तेज आंधी से तहसील क्षेत्र के विभिन्न गांव में दर्जनों दुकानों पर लगे टीनशेड के साथ ही कई लोगों के छप्पर उड़कर दूर जा गिरे और क्षतिग्रस्त हो गए। दुकानदार रविवार की दोपहर तक अपने सामानों को समेटने में जुटे रहे। मुहम्मदाबाद संवाददाता के अनुसार, आंधी-पानी से सब्जी, नाशपाती एवं आम की फसल को व्यापक क्षति पहुंची। इसके अलावा, जिले के अन्य ग्रामीण क्षेत्रों में आंधी से टीनशेड और छप्पर उड़ गए।