औड़िहार। सैदपुर कोतवाली के भितरी गांव स्थित गांगी नदी में नहाते समय बृहस्पतिवार को एक किशोर की डूबकर मौत हो गई। गोताखोरों और पुलिस के प्रयास से शव को किसी तरह नदी से बरामद किया गया। उधर हादसे की जानकारी होते ही परिजन बिलखने लगे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
इलाके के लच्छीपुर गांव निवासी मोहम्मद फिरोज (16) अपने चार मित्रों के साथ गांगी नदी में नहाने गया था। नहाते समय किशोर गहरे पानी में जाने से डूब गया। यह देख उसके साथी शोर मचाने लगे। आवाज सुनकर ग्रामीण घटना स्थल के तरफ दौड़ पड़े। इधर हादसे की जानकारी होते ही परिजन भी रोते-बिलखते घाट के किनारे पहुंच गए। सूचना पर पहुंची पुलिस स्थानीय गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश शुरू की गई। काफी कड़ी मशक्कत के बाद करीब चार बजे गोताखोरों ने कुछ दूरी से शव बरामद कर पानी से बाहर निकाला। शव निकलते ही परिवार के सदस्यों रोने लगे। ग्रामीणों ने समझा-बुझाकर उन्हें शांत कराया। इधर पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक दो भाईयों में सबसे छोटा था। इस संबंध में कोतवाल रविंद्र भूषण मौर्या ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।