दुल्लहपुर के जलालाबाद गांव में केटीलें तार में दौड़ रही बिजली से हुई मौत के बाद रोते बिलखते परिज?
- फोटो : GHAZIPUR
दुल्लहपुर/मरदह। तीन थाना क्षेत्रों में अलग-अलग हुई करंट लगने की घटनाओं में किशोरी और दो किसानों की मौत हो गई। जबकि एक महिला झुलस गई। जिसे अस्तपाल में भर्ती कराया गया। किशोरी और एक किसान को े शुक्रवार को करंट लगा जबकि एक अन्य किसान बृहस्पतिवार को करंट की चपेट में आया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दुल्लहपुर : थाना क्षेत्र के जलालाबाद गांव में शुक्रवार की शाम पांच बजे धान की रोपाई कर खेत से बाहर निकल हाथ-पैर धो रही किशोरी की करंट लगने से मौत हो गई। जबकि एक महिला गंभीर रूप से झुलस गई। गांव निवासी गुड़िया उर्फ सोनी सरोज (17) धान की रोपाई कर खेत से बाहर आकर खेत में लगे कटीले तार पकड़ पैर और हाथ धो रही थी। इसी दौरान बिजली आ गई और करंट लगने से उसकी मौत हो गई। जबकि उसकी चाची शशिकला देवी गंभीर रूप से झुलस गई। उन्हें मऊ स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। ग्रामीणों ने बताया की एक किसान ने अपने खेत चारों तरफ कटीलें तार से घेर रखे हैं, जबकि पास में देवा गांव में ट्यूबवेल है उसका केबिल तार पर गिरा था। तभी बिजली आ गई और हादसे में किशोरी चल बसी। मरदह : थाना क्षेत्र के बोगना गांव निवासी भानु राजभर (40) बृहस्पतिवार की रात गांव से बाहर अपने खेत में धान की रोपाई के लिए ट्यूबवेल चलाने गए थे। खेत में पानी भरने के बाद वह मोटर बंद करने पहुंचे। इसी दौरान वह करंट की चपेट में आकर झुलस गए। सूचना मिलते ही ग्रामीण एवं परिजन घटना मौके पर पहुंचे और उन्हें उपचार के लिए क्षेत्र के महेंगवा स्थित निजी अस्पताल ले गए। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। भानु की चार पुत्रियां और एक पुत्र हैं। इसमें दो बेटियों की शादी हो चुकी है। वह खेती बारी कर घर गृहस्थी चलाते थे। थानाध्यक्ष दुष्यंत सिंह ने घटना स्थल की जांच की। भानु राजभर की पत्नी रीता देवी की तहरीर पर पुलिस ने शव का पंचनामा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बिरनो : थाना क्षेत्र के दिदोहर गांव में शुक्रवार की शाम चार बजे खेत की रोपाई कर घर जा रहे किसान की करंट से मौत हो गई। गोपालपुर गांव निवासी बदरे आलम (35) दिदोहर गांव स्थित खेत में धान की रोपाई करने गया था। बरसात और धूप से बचने के लिए छाता पास रखा था। रोपाई होने बाद शाम में वह छाता लेकर घर जा रहा था। सिवान में लटके बिजली के तार के स्पर्श में छाता का उपरी हिस्सा संपर्क में आते ही झुलस गया। पीएचसी में चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।