सपा के मुहम्मदाबाद विधायक सुहेब अंसारी के गनर राकेश कुमार पर मंगलवार रात श्रमजीवी एक्सप्रेस में जानलेवा हमलाकर कार्बाइन लूटे जाने के मामले में पुलिस ने पांच टीमों का गठन किया है। स्थानीय स्तर पर दो टीम और बाकी टीम बिहार, लखनऊ और सुल्तानपुर में हमलावर की तलाश में खाक छान रही हैं।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि रेलवे पुलिस की मदद से सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है। इसमें पुलिस के साथ जीआरपी और आरपीएफ की टीम भी काम कर रही है। वहीं, घायल सिपाही राकेश कुमार (25) का लखनऊ के ट्रामा सेंटर में इलाज चल रहा है। जहां उसकी हालत स्थिर बनी हुई है। एसपी रोहन पी बोत्रे ने बताया कि पुलिस टीमों का गठन कर जगह-जगह लगाया गया है। मामले की हर एंगल पर जांच की जा रही है। अभी कोई ऐसा सुराग नहीं मिला है जिससे मामले का खुलासा हो सके।
मालूम हो कि श्रमजीवी एक्सप्रेस के दिव्यांग बोगी में विधायक का गनर राकेश लखनऊ जा रहा था। उसको बाई रोड विधायक के साथ गाजीपुर आना था। चलती ट्रेन में हमलावर ने सुरक्षाकर्मी पर हमला कर कार्बाइन लेकर सुल्तानपुर स्टेशन पर उतर गया। यात्रियों की सूचना पर पहुंची जीआरपी ने पुलिसकर्मी को अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया। जहां उसका इलाज चल रहा है।