जिले में डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया, फाइलेरिया और कालाजार समेत संचारी और मच्छर जनित रोगों की रोकथाम के लिए बुधवार से विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान शुरू हो गया। 31 जुलाई तक चलने वाले इस अभियान में स्वास्थ्य विभाग समेत 11 विभागों की टीमें घर-घर जाकर लोगों को जागरूक करेंगी। वहीं, 11 से 31 जुलाई तक दस्तक अभियान भी चलाया जाएगा।
प्रभारी मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. मनोज कुमार सिंह ने अपने कार्यालय से अधिकारियों और कर्मचारियों को शपथ दिलाकर अभियान का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार संचारी एवं मच्छर जनित रोगों की रोकथाम के लिए लगातार प्रयास कर रही है। अभियान के तहत स्वास्थ्य, नगर निगम, पंचायती राज, पशुपालन, महिला एवं बाल विकास, शिक्षा, दिव्यांगजन कल्याण, कृषि एवं सिंचाई समेत 11 विभाग आपसी समन्वय से कार्य करेंगे।
उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान शहरी क्षेत्रों में नगर निकाय और ग्रामीण क्षेत्रों में पंचायती राज विभाग की टीमें स्वास्थ्य विभाग के साथ मिलकर साफ-सफाई, एंटी लार्वा का छिड़काव, फॉगिंग और जन जागरूकता का काम करेंगी। साथ ही मरीजों की जांच, उपचार और जरूरी दवाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।
प्रभारी सीएमओ ने लोगों से अपील की कि डेंगू का मच्छर दिन में काटता है, इसलिए पूरे शरीर को ढकने वाले कपड़े पहनें, मच्छररोधी क्रीम का प्रयोग करें और सोते समय मच्छरदानी का उपयोग करें।
उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों के सहयोग से ही अभियान को सफल बनाया जा सकता है। उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान प्रचार-प्रसार के जरिये लोगों को बीमारियों से बचाव के प्रति जागरूक किया जाएगा, ताकि संचारी रोगों पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।