गाजीपुर। जिले के परिषदीय विद्यालयों में शिक्षकों के लिए जिले के अंदर और एक जिले से दूसरे जिले में परस्पर तबादले के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया पूरी हो गई है। अब 14 मई से जोड़ा (पेयर) बनाने की प्रक्रिया शुरू होगी। जिले के अंदर परस्पर तबादले के लिए 587 और एक से दूसरे जिले के लिए 356 शिक्षक-शिक्षिकाओं ने ऑनलाइन आवेदन किया है।
एक से दूसरे जिले में आवेदन का सत्यापन पांच से आठ मई के बीच होगा। बीएसए इसे जिला स्तरीय समिति की बैठक में नौ से 13 मई के बीच रखेंगे। 14 से 20 मई के बीच शिक्षक ओटीपी से आपस में जोड़ा बनाएंगे। इनका तबादला आदेश 23 मई को जारी किया जाएगा। जबकि शिक्षकों को कार्यमुक्त एवं कार्यभार ग्रहण करने का काम गर्मी की छुट्टियों में ही किया जाएगा। वहीं जिले के अंदर तबादला प्रक्रिया में आवेदन का सत्यापन पांच से आठ मई के बीच होगा। बीएसए इसे जिला स्तरीय समिति की बैठक में नौ से 13 मई के बीच रखेंगे। 25 से 31 मई के बीच शिक्षक ओटीपी से आपस में जोड़ा बनाएंगे। इनका तबादला आदेश चार जून को जारी किया जाएगा। शिक्षकों को कार्यमुक्त एवं कार्यभार ग्रहण करने का कार्य गर्मी की छुट्टियों में किया जाएगा। बेसिक शिक्षा अधिकारी हेमंत राव ने बताया कि परिषद के सचिव ने दिए निर्देश में कहा है कि जन्मतिथि, विद्यालय में कार्यभार संभालने की तिथि, जिले में कार्यभार ग्रहण करने की तिथि में मानव संपदा के डाटा से अलग होने पर शिक्षकों का रजिस्ट्रेशन फाॅर्म रिजेक्ट नहीं किया जाएगा। निर्धारित तिथि में आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने को कहा है।