थाना क्षेत्र के मुड़वल के पास शुक्रवार की शाम दो बाइकों की टक्कर में एक शिक्षक की मौत हो गई, जबकि हादसे में एक पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए वाराणसी ले जाया गया है। मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में ले लिया है।
नंदगंज थाना क्षेत्र के कर्माजीतपुर गांव निवासी ब्रह्मदेव यादव का पुत्र अरविंद यादव (35) करंडा बीआरसी पर संविदा शिक्षक के रूप में कार्यरत थे। वह अपने चचेरे भाई रत्नेश यादव (35), जो सोनभद्र में सिपाही के पद पर तैनात हैं, के साथ गाजीपुर बेसिक कार्यालय में किसी काम से बाइक से आये थे। काम समाप्त होने के बाद दोनों घर लौट रहे थे।
इसी दौरान शुक्रवार की शाम को करीब चार बजे मुड़वल के गाजीपुर की तरफ से सैदपुर की तरफ जा रहे एक बाइक सवार ने उन्हें ओवरटेक किया। इसी दौरान बाइकें टकरा गईं, जिससे दोनों बाइकों पर सवार चारों लोग गिर पड़े। इस दुर्घटना में अरविंद की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सिपाही रत्नेश गंभीर रूप से घायल हो गया। ओवरटेक करने वाले बाइक सवारों को हल्की चोटें आई और वह मौके पर ही बाइक छोड़कर फरार हो गए।
लोगों ने तत्काल घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही नंदगंज थानाध्यक्ष विकास पांडेय पुलिस कर्मियों के साथ मौके पर पहुंच गए। घायल को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजवाने के बाद शव को कब्जे में ले लिया। घटना की जानकारी मृतक के परिवार वालों को दी गई। उधर सिपाही रत्नेश की गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे वाराणसी के लिए रेफर कर दिया। खबर मिलते ही अरविंद के घर रूदन-क्रंदन शुरू हो गया। मृतक की पत्नी रीना यादव दहाड़े मारकर चीख-पुकार करने लगी। वह रोते-रोते कभी पूरी तरह से शांत हो जा रही थी तो कभी अपने दो मासूम बच्चों का चेहरा देख छाती पीटकर चीखने-चिल्लाने लग रही थी। उसे सांत्वना देने वाली महिलाओं की आंखे भी छलछला जा रहा थी। इस घटना से गांववासियो में शोक की चादर तन गई।