सुहवल थाना क्षेत्र के मेदिनीपुर गांव के पास गुरुवार की दोपहर टेलर के ऊपर विशालकाय पीपल का पेड़ गिर गया। इससे टेलर क्षतिग्रस्त हो गया। पेड़ गिरने से घंटों ताड़घाट जमानिया मार्ग पर जाम लगा रहा।
कोलकाता से एक टेलर नेपाल की ओर जा रहा था। मेदनीपुर के पास जैसे ही वह पहुंचा। सड़क किनारे ट्रक खड़ा होने के कारण उसने किनारे से निकलना चाहा। इसी बीच टेलर पीपल के पेड़ में फंस गया जिससे पेड़ टूट कर टेलर पर गिर पड़ा। पेड़ के गिरते ही टेलर क्षतिग्रस्त हो गया।
पेड़ की वजह से बगल में हाईटेंशन तार सहित खंभा क्षतिग्रस्त हो गया। इससे विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई। इस घटना के बाद दोनों तरफ वाहनों की लम्बी कतारें लग गई। पेड़ हटाने के लिए ग्रामीण वहां पहुंच गए। यह संयोग रहा कि इस घटना में कोई बड़ा हादसा नही हुआ। घंटों प्रयास के बाद पेड़ को ग्रामीणों की सहायता से हटाया गया और यातायात सुचारु रुप से चालू हो सका।