बिरनो थानाक्षेत्र के गन्नापुर गांव के सामने बुधवार की दोपहर टैंकर की चपेट में आकर बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल लाया गया। पुलिस ने शव कब्जे में ले लिया।
मरदह थानाक्षेत्र के नवपुरा कैथवली गांव निवासी विवेक चौहान (30) अपने मित्र लालू यादव (25) के साथ बाइक से शहर के ददरीघाट पर कौशल विकास मिशन की ट्रेनिंग करने के लिए आ रहा था। इसी दौरान गन्नापुर के पास मऊ की तरफ
जा रहे तेज रफ्तार टैंकर की चपेट में आ गया। दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंच गई और 108 नंबर के एंबुलेंस कर्मियों को अवगत कराया। एंबुलेंस के पहुंचने के बाद
पुलिस दोनों घायलों को जिला अस्पताल लाई। वहां विवेक चौहान को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया, जबकि लालू यादव को भर्ती कराया गया। पुलिस ने शव कब्जे में ले लेने के बाद घटना की सूचना मृतक के परिवार वालों को दे दी।
विवेक कैथवली में मेडिकल स्टोर चलाता था। वह घर का इकलौता चिराग था। पिता का पहले ही निधन हो चुका है। विवेक अपनी कमाई से परिवार का भरण पोषण करता था उसकी मौत के बाद परिवार के सामने दो जून की रोटी का संकट हो गया है।