दीक्षांत समारोह में पुलिस लाइन में परेड करती महिला आरक्षी।
- फोटो : GHAZIPUR
पुलिस लाइन में छह माह का प्रशिक्षण समाप्त होने पर बुधवार को 198 रिक्रूट महिला आरक्षियों का दीक्षांत समारोह संपन्न हुआ। समारोह के मुख्य अतिथि वाराणसी परिक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक सुरेंद्र कुमार भगत द्वारा पासिंग आउट परेड का निरीक्षण किया गया और आरक्षियों की सलामी ली गई।
वहीं, कार्यक्रम में महिला रिक्रूट आरक्षियों द्वारा पूर्ण साज-सज्जा व उत्साह के साथ मार्च पास्ट किया गया। प्रशिक्षण के दौरान पुलिस विभाग के अच्छे व्यवहार, कुशल नेतृत्व व आधुनिक समाज की जरूरतों के अनुसार योग्य व तकनीक एवं नये-नये नियम-कानून, विशेष अधिनियम एवं शस्त्रों के प्रयोग की ट्रेनिंग हुई।
समारोह में पुलिस महानिरीक्षक ने रिक्रूट महिला आरक्षियों को निष्ठा, ईमानदारी एवं सतर्कतापूर्वक अपनी ड्यूटी का निर्वहन करने के लिए शुभकामनाएं दी। साथ ही इस मौके पर महिला आरक्षियों को भारतीय संविधान व कानून का पालन करने एवं कराने की महिला आरक्षियों को शपथ दिलायी गई। साथ ही कहा कि अच्छा शारीरिक, मानसिक एवं आधारभूत प्रशिक्षण एक व्यक्ति को पुलिस कर्मी बनाने के लिए आवश्यक है। मुझे आशा है कि आप सभी गरीब, जरूरतमंद, असहाय, पीड़ित लोगों की मदद को ध्यान में रखते हुए अपने कर्तव्यों का निर्वहन करेंगे और प्रदेश व पुलिस विभाग का नाम रोशन करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि मुझे विश्वास है कि आप अपने प्रशिक्षण एवं कौशल से अपने उच्चाधिकारियों के निर्देशन में कार्य करते हुए विभिन्न चुनौतियों पर विजय पा लेंगे।
उन्होंने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले रिक्रूट महिला आरक्षियों को पुरस्कार देकर उत्साहवर्धन भी किया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक राम बदन सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक नगर गोपीनाथ सोनी, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण रामधारी चौरसिया सहित जनपद के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।