जमानिया। बाइक चोरी के मामले में पकड़ा गया सुक्खू बिंद पुलिस के लिए पहले से ही जाना-पहचाना था। उसके खिलाफ कोतवाली में चोरी और आर्म्स एक्ट से जुड़े तीन मुकदमे दर्ज हैं। मंगलवार को पुलिस अभिरक्षा से हथकड़ी से हाथ निकालकर फरार होने के बाद पुलिस ने करीब 12 घंटे तक तलाश और घेराबंदी कर उसे रायपुर गांव के पास नहर माइनर से गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से चोरी की मोपेड भी बरामद हुई।
प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी 21 वर्षीय सुक्खू बिंद चंदौली के कंदवा थाना क्षेत्र के धमिना गांव का रहने वाला है। बाइक चोरी के मामले में उसे सोमवार को हिरासत में लिया गया था। मंगलवार सुबह शौचालय जाने के वक्त वह पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया था। आरोपी के फरार होने के बाद पुलिस की तीन टीमों ने संभावित ठिकानों पर दबिश देने के साथ सीमावर्ती इलाकों में चेकिंग शुरू कर दी। प्रभारी निरीक्षक के अनुसार आरोपी से पूछताछ और चिकित्सीय परीक्षण की कार्रवाई पूरी कर उसे संबंधित धाराओं में न्यायालय भेज दिया गया है।