गाजीपुर। जिले के दो अलग- अलग थाना क्षेत्र में मंगलवार की रात और बुधवार की सुबह सड़क हादसे में युवक सहित दो लोगों की मौत हो गई।
देवकली: सौरम गांव निवासी नजरे आलम (26) के बुआ के बेटे की शादी 14 नवंबर को थी। नजरे आलम बाइक से भतीजा शकील अंसारी के साथ सैदपुर खोवा लाने के लिए जा रहा था। रामपुर मांझा थाना के खांवपुर मोड़ के पास सुबह करीब आठ बजे सड़क पर अचानक छुट्टा पशु आ गया। उसे बचाने के प्रयास में नजरे आलम संतुलन खो बैठा और बाइक पलट गई। इसी बीच गाजीपुर की ओर से आ रहे तेज रफ्तार डंपर की चपेट में आने से बाइक सवार नजरे आलम की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं शकील अंसारी गंभीर रूप से घायल हो गया। जब- तक आस-पास के लोग पहुंचते चालक डंपर फरार हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई में जुट गई। वहीं घायल शकील अंसारी को उपचार के लिए सैदपुर सीएचसी लाया। जहां से डाॅक्टरों ने वाराणसी रेफर कर दिया। रामपुरमांझा थानाध्यक्ष कृष्ण प्रताप सिंह ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्जकर पुलिस विधिक कार्रवाई में जुटी हुई है। वहीं शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
तेज रफ्तार बोलेरो के धक्के से वृद्ध की मौत
रोहली गांव निवासी श्रीभगवान चौहान (63) एकादशी पर्व पर पूजा के लिए मंगलवार की देर शाम साइकिल से सामान लेने नोनहरा थाना क्षेत्र के महेशपुर बाजार आए थे। सड़क पार करते समय तेज रफ्तार बोलेरो ने धक्का मार दिया। जब- तक आस-पास के लोग घटना स्थल पर पहुंचते चालक बोलेरो छोड़कर मौके से फरार हो गया। इधर घटना की सूचना मिलते ही पहुंचे परिजनों ने घायल को मऊ स्थित निजी अस्पताल पहुंचाया। वहां देर रात उनकी मौत हो गई। नोनहरा थानाध्यक्ष धीरेंद्र कुमार सोनकर ने बताया कि बोलेरो को कब्जे लेकर छानबीन की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।