दुबिहा। करीमुद्दीनपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में प्रेम प्रसंग के एक पुराने मामले की जांच के दौरान पुलिस पर एक महिला की पिटाई का आरोप लगा है। घटना को गंभीरता से लेते हुए पूरे मामले की जांच कराने के बाद रिपोर्ट के आधार पर एसपी डा. ईरज राजा ने सोमवार को उपनिरीक्षक शाहिद सिद्दीकी और महिला कांस्टेबल अंकिता यादव को निलंबित कर दिया। इधर, वृद्धा का उपचार अस्पताल में चल रहा है। करीब छह महीने पहले एक नाबालिग लड़की युवक के साथ भाग गई थी। मामले की विवेचना के लिए 10 अक्टूबर को पुलिस गंधपा गांव पहुंची थी, लेकिन आरोपी और उसके परिजन घर पर नहीं मिले। पुलिस ने आरोपी परिवार की रिश्तेदार एक महिला को पूछताछ के लिए थाने बुलाया। परिजनों का आरोप है कि पूछताछ के दौरान थाने में उनसे दुर्व्यवहार और मारपीट की गई। मुहम्मदाबाद सीओ सुधाकर पांडेय ने बताया कि महिला को केवल पूछताछ के लिए थाने बुलाया गया था और सीसीटीवी फुटेज में उन्हें थाने से सुरक्षित निकलते हुए देखा गया है। हालांकि, बाद में उनके अस्पताल में भर्ती होने की जानकारी मिलने पर पूरे मामले की जांच कर रिपोर्ट पुलिस अधीक्षक को भेजी गई है। एसपी डा. ईरज राजा ने बताया कि जो नाबालिग लड़की भाग गई थी, उसकी मां के साथ महिला की मारपीट हुई थी। इसमें उसे चोट लगी थी। फिलहाल मामले की जांच चल रही है। उपनिरीक्षक और महिला कांस्टेबल को निलंबित कर दिया गया है। संवाद