गाजीपुर। पीएमश्री विद्यालयों में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं को अब शुद्ध पेयजल मिलेगा। इसके लिए जिले के 15 विद्यालयों का चयन किया गया है। इनमें 50-50 हजार की दर से ड्रिंकिंग वाटर यूनिट की स्थापना के लिए जिले को साढ़े 7 लाख की धनराशि जारी की गई है। इस राशि से स्कूलों में आधुनिक ड्रिंकिंग वाटर यूनिट लगाई जाएगी।
स्टील की जंग-रोधी 180 लीटर क्षमता वाली टंकी के साथ ही आरओ सिस्टम भी स्थापित किया जाएगा।
प्राथमिक शिक्षा में गुणात्मक सुधार लाने के लिए सरकार की तरफ से तमाम जतन किए जा रहे हैं। इसके साथ ही स्कूलों में बेहतर संसाधन उपलब्ध कराकर उनकी तस्वीर बदली जा रही है।
जिले में दो चरणों पहले में 20 और दूसरे में 12 सहित कुल 32 विद्यालयों का चयन पीएम-श्री स्कूल के रूप में किया गया है। इन स्कूलों में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं को अब शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा। इसके लिए जिले के 15 स्कूलों का चयन किया गया है। ड्रिंकिंग वाटर यूनिट की स्थापना के लिए प्रति स्कूल 50 हजार रुपये का बजट जारी किया गया है। पेयजल व्यवस्था में आरओ और अल्ट्रा वायलेट आधारित ड्यूल प्यूरीफिकेशन सिस्टम अनिवार्य रूप से लगाया जाएगा।
पानी की गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। खास बात यह है कि बच्चों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नलों को चाइल्ड फ्रेंडली बनाने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि छोटे बच्चे भी आसानी से पानी पी सकें।
बेसिक शिक्षा अधिकारी उपासना रानी वर्मा ने बताया कि पेयजल यूनिट की खरीद जेम पोर्टल के माध्यम से की जाएगी। इसके लिए हर जिले में एक समिति बनाई गई है।
जिलाधिकारी इसके अध्यक्ष होंगे, जबकि मुख्य विकास अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जल निगम के अधिशासी अभियंता और समग्र शिक्षा विभाग के सहायक वित्त एवं लेखाधिकारी समिति के सदस्य होंगे।