एडीएम वेद सिंह चौहान को छात्रों के साथ ज्ञापन सौंपते पूर्व छात्रनेता। स्रोत- स्वयं
- फोटो : credit
गाजीपुर। पीजी कॉलेज में छात्रवृत्ति के लिए बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण के नाम पर अवैध वसूली का आरोप लगाते हुए छात्रों ने शुक्रवार को कलक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। दो दिवसीय हस्ताक्षर अभियान के बाद छात्र नेताओं के नेतृत्व में पहुंचे सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने प्रशासन से मामले की उच्चस्तरीय जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की। 710 छात्रों के हस्ताक्षरयुक्त ज्ञापन के माध्यम से राज्यपाल से हस्तक्षेप की मांग की गई। साथ ही जिलाधिकारी को संबोधित पत्रक सौंपकर कार्रवाई के लिए एक सप्ताह का अल्टीमेटम दिया।
छात्रों ने आरोप लगाया कि बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण के नाम पर छात्रों से अवैध वसूली की जा रही है। उनका कहना था कि पिछले वर्ष कॉलेज परिसर में लिखित नोटिस के माध्यम से रुपये लिए गए थे, जबकि इस बार बाहर की दुकानों पर वसूली का खेल चल रहा है। पूर्व छात्रसंघ उपाध्यक्ष दीपक उपाध्याय ने प्राचार्य डॉ.राघवेंद्र पांडेय के उस बयान को गलत बताया, जिसमें कॉलेज में अवैध वसूली नहीं होने की बात कही गई थी। उन्होंने कहा कि यदि छात्रों के आरोप गलत हैं तो कॉलेज प्रशासन उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराए। छात्र नेता आकाश चौधरी ने कहा कि शिक्षकों की आड़ में दलाली और वसूली का खेल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्राचार्य इस व्यवस्था को बंद कराएं या छात्रों के सामने खुली बहस करें।
छात्र नेता प्रद्युम्न सिंह यादव राजन ने कहा कि 710 छात्रों के हस्ताक्षर इस बात का प्रमाण हैं कि विद्यार्थियों को परेशानी हुई है। छात्रों ने जिलाधिकारी की अनुपस्थिति में ज्ञापन एडीएम वेद सिंह चौहान को सौंपा गया। वहीं, एडीएम वित्त एवं राजस्व वेद सिंह चौहान ने बताया कि छात्रों का ज्ञापन राज्यपाल को संबोधित था। इसे राज्यपाल को भिजवाया गया है। स्थानीय स्तर पर की गई शिकायतों की सक्षम अधिकारी से जांच कराई जाएगी। प्रदर्शन के दौरान आकाश चौधरी, निलेश बिंद, विकास यादव, अंकित अमन आदि छात्र मौजूद रहे।