भांवरकोल। थाना क्षेत्र के पलिया गांव में प्रस्तावित शराब की दुकान को लेकर विरोध तेज होता जा रहा है। बुधवार को कम्पोजिट विद्यालय पलिया बुजुर्ग के छात्रों ने सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया और शासन- प्रशासन से गांव में शराब की दुकान खोलने के प्रस्ताव को तुरंत निरस्त करने की मांग की। हाथों में तख्तियां और पोस्टर लिए छात्रों ने नारेबाजी करते हुए कहा कि उन्हें गांव में शराब की दुकान नहीं, बल्कि बेहतर शिक्षा और खेल का मैदान चाहिए। छात्रों ने जिलाधिकारी से अपील करते हुए कहा कि गांव का माहौल पढ़ाई और खेल के अनुकूल बनाया जाए, न कि ऐसी व्यवस्था की जाए जिससे युवाओं का भविष्य प्रभावित हो।
छात्रों के इस विरोध को गांव के अभिभावकों और ग्रामीणों का भी समर्थन मिला। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में शराब की दुकान खुलने से सामाजिक वातावरण खराब होगा और युवाओं में गलत संदेश जाएगा।