राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय में रविवार को राष्ट्रीय सेवा योजना शिविर का आयोजन किया गया। इस मौके पर महाविद्यालय की छात्राओं ने मतदाता जागरूकता रैली निकाली। इस दौरान छात्राओं ने लोगों को मतदाता बनने एवं मतदान के लिए जागरूक किया।
रैली आमघाट, ददरीघाट, महुआबाग होते हुए चयनित क्षेत्र नवापुरा पहुंची। जहां घर-घर जाकर छात्राओं ने लोगों को मतदाता बनने और मतदान करने के लिए प्रेरित किया। इस मौके पर पूर्व वरिष्ठ कार्यक्रम अधिकारी एवं स्वीप कोआर्डिनेटर प्रताप सिंह रावत ने कहा कि मतदाता देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था का सबसे महत्वपूर्ण घटक हैं।
मताधिकार के सही प्रयोग से न केवल लोकतंत्र को स्वस्थ एवं सशक्त बनाया जा सकता है बल्कि देश की दशा और दिशा भी बदली जा सकती है। वरिष्ठ कार्यक्रम अधिकारी डा. विकास सिंह ने लोगों से मताधिकार के जरिए भ्रष्टाचार मुक्त भारत के निर्माण में योगदान के लिए अपील की। डा. वंदना ने कहा कि यह अभियान गांव-गांव तक पहुंचाया जाना चाहिए। इस मौके पर छात्राओं ने महाविद्यालय परिसर की साफ-सफाई भी की। शिविर में डा. एसकेएस पांडेय, डा. शिवकुमार, डा. एचएन दास, डा. दिवाकर मिश्र, डा. अमितेंद्र सिंह, डा. अमित यादव, डा. अकबरे आजम, रमेशचंद्र पांडेय, प्रदीप आदि मौजूद थे।