पीजी कालेज के प्राचार्य डा. हरिहर सिंह पर हुए जानलेवा हमला के मामले में कालेज प्रशासन ने छात्रसंघ अध्यक्ष अमरजीत यादव का निष्कासन कर दिया है। साथ ही उसका कालेज में प्रवेश भी वर्जित कर दिया गया है।
पांच जुलाई को छात्रसंघ अध्यक्ष अमरजीत यादव ने अपने साथियों के साथ प्राचार्य कक्ष में घुसकर प्राचार्य हरिहर सिंह पर जानलेवा हमला किया था। इस घटना से शिक्षकों, कर्मचारियों में रोष व्याप्त हो गया। आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर जिले के सभी कालेज तीन दिन बंद रहे। शिक्षकों और कर्मचारियों के तेवर को देख 10 जुलाई को पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने गिरफ्तारी के मामले में एडीएम कार्यालय में कर्मचारी शिक्षक समन्वय समिति के साथ बैठक किया।
इसमें अधिकारियों ने समिति के नेताओं को आश्वस्त करते हुए कहा था कि एक हमलावर पहले ही जेल भेजा जा चुका है। एक सप्ताह के भीतर मुख्य हमलावर छात्रसंघ अध्यक्ष अमरजीत यादव सहित अन्य सभी दोषी भी गिरफ्तार कर लिए जाएंगे। इसके बाद समिति के नेताओं ने 11 जुलाई को प्रस्तावित विरोध जुलूस और बेमियादी हड़ताल 16 जुलाई तक के लिए स्थगित करने की घोषणा की थी। समिति के महामंत्री अंबिका प्रसाद दूबे ने चेताया था एक सप्ताह के भीतर हमलावरों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो 17 जुलाई से अनिश्चित कालीन हड़ताल शुरू होगी। इसी क्रम में सोमवार को जारी विज्ञप्ति में प्राचार्य डा. हरिहर सिंह ने बताया कि कालेज प्रशासन ने यह निर्णय लेते हुए अनुशासनहीनता के आरोप में आरोपी छात्रसंघ अध्यक्ष अमरजीत यादव का कालेज से निष्कासन करने के साथ ही कालेज परिसर में प्रवेश पर पाबंदी लगा दी है। इसके अलावा कालेज प्रशासन ने यह भी निर्णय लिया कि उसे भविष्य में महाविद्यालय में किसी भी कक्षा में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।