फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

तीन फीट उंची खिड़की से लटका मिला छात्र का शव

विज्ञापन
विज्ञापन
देवकली/नंदगंज(गाजीपुर)। नंदगंज थाने के रसूलपुर पचरासी ग्राम पंचायत स्थित प्राथमिक विद्यालय की तीन फीट ऊंची खिड़की से एक छात्र का शव लटकता मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के परिजनों का आरोप है कि छात्र की हत्या कर साक्ष्य को छुपाने के लिए स्कूल की खिड़की से शव को लटकाया गया है। इस संबंध में परिवार वालों ने हत्या मानकर तहरीर दी है। सीओ भुड़कुड़ा राजीव द्विवेदी ने कहा कि मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है, पीएम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन

रसूलपुर पचरासी निवासी अभीजीत चौहान (22) पुत्र सुदर्शन चौहान इंटर के बाद वाराणसी में रहकर प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी करता था। कोरोना संक्रमण और लॉकडाउन के दौरान ही कोचिंग सेंटर की छुट्टी हो जाने से यह घर आ गया। रविवार को भोर में वह घर पर नहीं था। इसी बीच प्राथमिक विद्यालय के पास गले में फंदा लगाकर आत्महत्या करने की खबर घरवालों मिली। थोड़ी ही देर में वहां सैकड़ों की भीड़ जुट गई। लोगों ने छात्र की मौत को संदिग्ध बताया। मृतक जिस स्कूल की खिङ़की में गमछे के फंदे में लटक कर झूलता मिला उसकी जमीन से ऊंचाई मात्र ढाई से तीन फीट थी। युवक जमीन पर बैठने की स्थिति में था। घटना की जानकारी मिलते ही नंदगंज थानाध्यक्ष राकेश सिंह, दारोगा बलवंत यादव तथा बलवान सिंह पुलिस कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे। इसी बीच वहां सीओ भुड़कुड़ा राजीव द्विवेदी और फोरेंसिक टीम भी पहुंच गई। पुलिस मामले का खुलासा करने में जुटी हुई है। नंदगंज पुलिस लाश को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दी है। छात्र की मौत को लेकर तरह-तरह की चर्चा की जा रही है। परिवार वालों का मानना है कि कहीं और हत्या कर स्कूल में लाकर आत्महत्या का रूप दिया गया है। क्षेत्राधिकारी राजीव द्विवेदी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति साफ हो पाएगी। इसके बाद आगे की कार्रवाई होगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें