दिलदारनगर थाना क्षेत्र के एक इंटर कालेज के कक्षा नौ के छात्र को विद्यालय के ही छात्रों ने बुधवार की दोपहर कॉलेज गेट पर पीठ पर चाकू से वारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। वारदात को अंजाम देकर हमलावर छात्र भाग गए। घायल छात्र को सीएचसी लाया गया। जहां डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। घायल के भाई की तहरीर पर पुलिस ने दो नामजद एवं एक अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
मिर्चा गांव निवासी छात्र तनवीर खां विद्यालय की छुट्टी होने पर बाहर निकल रहा था। कॉलेज गेट पर पीछे से इसी विद्यालय के छात्रों ने उसकी पीठ पर चाकू से वारकर कर दिया। चाकू लगते ही तनवीर लहूलुहान होकर नीचे गिर गया। घटना की जानकारी मिलते ही विद्यालय के प्रिंसिपल और अध्यापक भी पहुंच गए। सूचना मिलते ही पुलिस और परिजन भी पहुंच गए। आनन-फानन में छात्र को एंबुलेंस से सीएचसी भदौरा लेकर पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने छात्र के पीठ में धंसे चाकू को बाहर निकाल प्राथमिक इलाज कर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। थाना निरीक्षक अशेष नाथ सिंह ने बताया कि घायल छात्र तनवीर के बड़े भाई सरताज की तहरीर पर उसिया गांव निवासी दानिश और मिर्चा गांव निवासी तबरेज के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी में पुलिस टीम जुटी हुई है।