प्रदेश सरकार की ओर से मांगों पर विचार करते हुए एक माह में शासनादेश जारी करने के आश्वासन पर राज्य कर्मचारियों की बुधवार से शुरू होने वाली हड़ताल दो महीने के लिए स्थगित कर दी गई। कर्मचारी नेताओं ने चेताया कि अगर सरकार ने अपना वादा पूरा नहीं किया तो राज्य कर्मचारी फिर हड़ताल पर जाने के लिए मजबूर होंगे।
राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद की सिंचाई चौराहे के पास बुधवार को हुई बैठक में जिलाध्यक्ष अंबिका दुबे ने कहा कि संगठन के प्रांतीय नेतृत्व में हड़ताल के आह्वान से सहमी प्रदेश सरकार ने राज्य कर्मचारियों की मांगों पर गंभीरता से विचार करते हुए एक माह में शासनादेश जारी करने का लिखित आश्वासन दिया है।
कहा, अगर सरकार ने उनकी मांगों को पूरा करते हुए शासनादेश जारी नहीं किया तो वे सड़क पर आने के ळिए मजबूर होंगे। बैठक में अनंत सिंह, मुक्तेश्वर श्रीवास्तव, चंद्रिका यादव, नरेंद्र सिंह, जमुना यादव, संतोष पांडेय, जयशंकर, अरुण सिंह, जगदीश यादव, महातिम यादव, प्रमोद कुमार, हरिमोहन सिंह, रामराज कुशवाहा, रमेश दुबे, अशोक सिंह आदि मौजूद रहे।