उपेंद्र की जालसाजी का शिकार सिर्फ ऐसे ही लोग नहीं हुए हैं जिन्हें अपना व्यवसाय बढ़ाना था बल्कि उसने आईजी दफ्तर में तैनात एक सब इंस्पेक्टर को भी ठग लिया। इस संबंध में करीमुद्दीनपुर थाना के प्रभारी निरीक्षक विश्वनाथ यादव ने बताया कि उपेंद्र राय, उसकी पत्नी मयूरी राय, साली सृष्टि राय, पिता प्रदीप राय के खिलाफ थाने में मुकदमा दर्ज हैं।
वहीं मुहम्मदाबाद सीओ के यहां उपेंद्र राय, पिता प्रदीप राय, पत्नी मयूरी राय और मां बृंदा राय के खिलाफ मुकदमा दर्ज हैं। शातिर ठग के पिता प्रदीप राय और उसकी साली सृष्टि राय को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। अन्य की तलाश जारी है।
उपेंद्र राय के पास बीएमडब्ल्यू, ऑडी और फॉर्च्यूनर जैसी लग्जरी गाड़ियां हैं। सूत्रों के मुताबिक उपेंद्र बेहद महंगे कपड़े पहनने का भी शौकीन है। वह देश के विभिन्न हिस्सों और विदेशों से अपने जैकेट, शर्ट और जूते मंगाता रहता है। न्यायालय ने कुर्की के लिए नोटिस चस्पा का आदेश करीमुद्दीनपुर पुलिस को दी है। पुलिस उसके घर गोड़ऊर में 82 की नोटिस चस्पा करेगी। हाजिर नहीं होने पर कुर्की की कार्रवाई करेगी।
गाजीपुर का उपेंद्र लखनऊ के गोमती नगर में किराए पर फ्लैट लेकर रहता था, जिससे अपने कारनामों को आसानी से अंजाम दे सके। इस बीच उसका परिचय एक रिटायर्ड आईएएस से हो गया। अफसर ने अपनी ग्रेच्युटी और दूसरे मद के पैसे उपेंद्र को इस विश्वास से दे दिए कि वह कारोबार में लगाकर लाभांश देगा, लेकिन उपेंद्र ने उनका पैसा हड़प लिया।