दानापुर-पंडित दीनदयाल उपाध्याय रेलखंड के कुछमन-सकलडीहा स्टेशन के बीच बृहस्पतिवार की देर रात साथी क ो छुड़ाने के लिए शराब माफियाओं ने आरपीएफ टीम पर पत्थरबाजी की। हालांकि घटना में कोई घायल नहीं हुआ। इधर दानापुर स्थित रेल सुरक्षा बल के सुरक्षा नियंत्रण कक्ष की सूचना पर आरपीएफ एवं जीआरपी की टीम ने ट्रेन से17 शराब तस्करों को गिरफ्तार किया। साथ ही करीब 4 लाख की 421 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की गई। पूछताछ के बाद चालान कर दिया गया। साथ ही पूरे मामले की जांच दिलदारनगर आरपीएफ के उपनिरीक्षक नवीन कुमार को सौंपी गई।
बीते कुछ दिनों से कुछमन-सकलडीहा स्टेशन के मध्य ब्लॉक सेक्शन में शराब माफियाओं द्वारा गाड़ी में शराब चढ़ाए जाने की सूचना मिल रही थी। इस पर टीम लगाई गई थी। रात करीब 10 बजे टीम को सूचना मिली कि करीब 20-22 व्यक्ति बैग झोला लेकर रेल लाइन के किनारे आ रहे हैं। करीब रात 11.24 बजे चेन पुलिंग से 09447 ट्रेन खड़ी हुई।
इसी दौरान ट्रेन से उतरते हुए एक व्यक्ति को टीम ने पकड़ा। वह शोर मचाने लगा और शराब माफियाओं द्वारा उसे छुड़ाने के लिए आरपीएफ पर पत्थरबाजी करने लगे। ट्रेन खुलने के बाद टीम की सूचना पर सुरक्षा नियंत्रण कक्ष रेसुब दानापुर ने जीआरपी दिलदारनगर को सूचना दी। प्लेटफार्म नंबर एक पर 09447 ट्रेन के रूकते ही टीम द्वारा ट्रेन की जांच की गई और 17 तस्करों को 40 झोला और बैग के साथ उतारा गया।
तस्करों के पास से 421.920 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की गई। उप निरीक्षक राजीव कुमार के द्वारा पकड़े गए 17 तस्करों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया। इस संबंध में आरपीएफ उप निरीक्षक नवीन कुमार ने बताया कि तस्करों को चालान कर दिया गया।